मेरी बात
लेख थोड़ा लंबा जरूर हो गया। उसके लिए माफी, लेकिन वक्त निकालकर पढ़िएगा जरूर। उत्तराखंड देवभूमि तो है ही। वीर भूमि भी है। हर दिन हम अपने एक वीर को सीमा पर कुर्बान कर रहे हैं। हर दिन कोई न कोई जवान देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान कर रहा है। आखिर यह सिलसिला कभी थमेगा भी या नहीं। वतन पर मरने वालों का बाकी यही निशां होगा। यह लाइनें मुझे भी देशभक्ति के लिए प्रेरित करती थी। उत्तेजित करती थीं, लेकिन मैं भी इसके बारे में बहुत कुछ नहीं जानता था। यही सोच कर मैंने यह जानने की कोशिश की आखिर क्या है इस पूरी कविता में...वही आपके सामने पेश कर रहा हूं।
... प्रदीप रावत (रवांल्टा)
आजादी की जंग और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान लिखी और हर जुबां पर रहने वाली कविता की पंक्तियां ...शहीदों की चिताओं पर जुड़ेंगे हर बरस मेले, वतन पर मरने वालों का यही बाकी निशां होगा। क्यों लगेंगे हर बरस मेले। क्यों कोई मां देखना चाहेगी अपने बेटे की चिता पर लगे मेले को...? क्यों कोई पिता और कोई भाई अपने लाडले का निशां मात्र देखना चाहेगा...? हमारे लिए वो जवान वीर है। शहीद है। लेकिन, एक मां के लिए तो वो उसका बेटा ही है। पिता के लिए उसका लाडला है। भाई के लिए उसका भाई। एक बहिन के लिए उसकी सुरक्षा है। उसका गौरव है। उसका मान है। राखी बांधने वाली कलाई है। कब तक हम गुलामी से मुक्ति की लाइनों को गाते रहेंगे। अब तो हम आजाद हैं। फिर ये हर दिन की जंग क्यूं। क्यूं नहीं निर्णायक जंग लड़ी जाती।
1895 जन्मे और 1957 में दुनिया को छोड़कर जा चुके जगदंबा प्रसाद हितैषी का नाम आते ही हर कोई यही पूछेगा कि ये कौन हैं। इनका जिक्र इसलिए कर रहा हूं कि इनकी कविता की जिन दो लाइनों को लोग गीतों की तरह गातें हैं। देशभक्ति जब भी जाहिर करनी होती है। बस...शहीदों की चिताओं पर जुड़ेंगे हर बरस मेले, वतन पर मरने वालों का यही बाकी निशां होगा। इतनाभर कह दिया जाता है। उनकी कविता के आखिरी के दो छंदों का पहला छंद है। आखिरी छंद में उन्होंने लिखा है।....कभी वह दिन भी आएगा अपना राज देखेंगे, जब अपनी जमीं होगी, जब अपना आसमां होगा। उनके आखिरी छंद में जो सवाल गुलामी के दौरान आजादी की जंग में था। वह सवाल आज कश्मीर पर सही बैठता है। सवाल यह है कि क्या कभी हम कश्मीर को आतंकियों से मुक्त करा पाएंगे और कह पाएंगे कि ये हमारा अपना कश्मीर है। शांति वाला कश्मीर।
![]() |
| फाइल फोटो |
ऐसा लगता है कि 90 के दशक में कश्मीर में कश्मीरी पंडितों के साथ जो हुआ। उसको भी जगदंबा प्रसाद हितैषी जी ने मरने वालों का बाकी यही निशां होगा कविता के पहले छंद में लिख दिया था, जो कश्मीर और वहां से निर्वासित लोगों के लिए सही और सटीक है। ...उरूजे कामयाबी पर कभी हिंदोस्तां होगा, रिहा सैयाद के हाथों से अपना आशियां होगा...। जिन लोगों को कश्मीर से निर्वासित किया गया था। वो आज भी यही कहते हैं कि उनको आजादी कब मिलेगी। कब उनका निर्वासन समाप्त होगा।
लोग सरकारों से ये उम्मीद लगाए बैठे हैं कि एक दिन इसका हल होगा और कश्मीर में फिर से वही रवायत और रवानगी देखने को मिलेगी, जो वर्षों पहले थी। कविता का दूसरा छंद कुछ ऐसे ही कहता है। ...चखाएंगे मजा बार्बादी-ए-गुलशन का गुलचीं को, बहार आ जाएगी उस दम जब अपना बागबां होगा...। ये छंद भले ही सबक सिखाने की बात कह रहा हो, लेकिन क्या आज हम राजनीति को दरकिनार कर कश्मीर से आतंकियों का खात्मा कर सकते हैं।
ऐसा लगता है कविता का एक-एक छंद हितैषी जी ने आज के हालातों की कल्पना करके ही लिखा हो। आज पाकिस्तान आए दिन सीमापार से आतंकी घटनाओं को अंजाम दे रहा है। आतंक से परेशां लोग यही कह रहे हैं कि बार-बार का आए दिन का सिलसिला कब खत्म होगा। कब कश्मीर का हल होगा। लिखा है...ये आए दिन की छेड़ ठीक नहीं ऐ खंजरे कातिल, पता कब फैसला उनके हमारे दरमियां होगा।
कश्मीर का जर्रा-जर्रा। बच्चा-बच्चा। कश्मीर की खूबसूरत वादियां और उन वादियों के वाशिंदे निर्वासित कश्मीरी भी जगदंबा प्रसाद हितैषी की कविता के बीच में लिखे छंद...कभी वह दिन भी आएगा अपना राज देखेंगे, जब अपनी जमीं होगी, जब अपना आसमां होगा... का ख्वाब संजोये हुए हैं। सपने सजा रहे हैं कि कभी तो वो फिर से अपने कश्मीर में अपनों के बीच रह पाएंगे। कभी जी पाएंगे, पहले जैसी जिंदगी।

0 Comments