भाग-2
-रूपेश कुमार सिंह
दुनिया की तमाम संस्कृति और सभ्यता नदी के किनारे ही जन्मीं और विकसित हुईं। साफ है कि पानी के नजदीक ही जीवन पनपा। कहा भी जाता है, ‘‘जल ही जीवचन है।’’ नदी के इर्द-गिर्द बसे गांव सभ्यता और संस्कृति की लम्बी दास्तान कहते हैं। मेला-दशहरा, नुमाइश न जाने क्या-क्या..... मरने के बाद अन्तिम संस्कार भी नदी के किनारे होते हैं। शाही को पहचान देने में बैगुल नदी का महत्वपूर्ण स्थान है। बैगुल नदी शाही की जीवनदायनी भी है। नदी को फांदता हुआ बड़ा पुल शाही को राष्ट्रीय राज मार्ग से जोड़ता है। सैकड़ों की तादात में ये सड़क गांव के लोगों को शहर काम की तलाश में ले जाती है। लेकिन शहर से आती हुई सड़क से गांव के विकास का रथ कब शाही पहुंचेगा, कहा नहीं जा सकता। मोटे तल के चश्में के भीतर बुजुर्गों की डबडबाती खामोश आंखें आधुनिक विकास के माॅडल पर नाना सवाल करती हैं।
शाही नगर पंचायत क्षेत्र में लगभग 11500 वोटर हैं। सरकार के लिए गांव की आबादी वोटर से ज्यादा और कुछ रही भी नहीं है। लगभग सौ साल पुराने इस टाउन क्षेत्र में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, एक पशु अस्पताल, एक डाक घर, दो बैंकें, एक राजकीय इंटर काॅलेज है। अस्पतालों की हालत हमारे देश की व्यवस्था के माफिक जर्जर है। मुख्य बाजार की सड़क बामुश्किल 15 फीट होगी। बाजार के नाम पर चंद दुकानें। पता चला कि पैकेट बंद पनीर, दूध और छाछ एक साल से कस्वे में मिलने लगा है। कस्वे के भीतर के रास्ते शहर की तंग गलियों की तरह हैं। कहीं-कहीं आरसीसी, कहीं खण्डंजा तो कहीं टूटी सड़क। रास्ते के दोनों ओर जरा सी ढाल लिये नाली नुमा एक पंक्ति में गंदा पानी बहता रहता है। दो चारपहिया वाहन आमने-सामने से गुजर ही नहीं सकते। बिल्कुल ही ठेठ अन्दाज है शाही का। कुछ साल पहले तक तो घर में खुड्डी( देशी टाॅयलेट) होती थी। सिर पर मैला ढोने का चलन था। शुक्र है इस बार वो सब देखने को नहीं मिला।
समाजिक सनरचना बहुत जटिल है गांव की। जातियां भी मोहल्ले में बंटी हैं। मोहल्ले पर जाति हावी है या फिर जातियों पर मोहल्ला, कहना मुश्किल है। एक जाति का व्यक्ति दूसरे जाति के मोहल्ले में घर बना ही नहीं सकता। हालांकि थोड़ा-थोड़ा परिवर्तन आने लगा है। लेकिन जातिये व्यवस्था हमारे समाज में किस तरह हावी है यह देखने के लिए शाही जरूर जाना चाहिए। ठाकुरों का मोहल्ला, सुनारो का मोहल्ला, धीमरों का मोहल्ला, मुसलमानों का मोहल्ला, दलितों में भी छोटे-बड़े दलितों का मोहल्ला और भी न जाने किस किस नाम से मोहल्ले हैं। इन मोहल्लों में इंसान ही रहते हैं। जी हां, आज की 21 वीं सदी के इंसान। विरोधाभास देखिए, आपस में मेल-झोल इतना कि राह चलते जो मिल जाये उससे राम-राम, नमस्कार खूब होती है, लेकिन एक-दूसरी कौम के लोगों का घर पर आना-जाना आम नहीं है। अब थोड़ा सुधार जरूर हो रहा है। गर्मियों में शाम को 7 बजे के बाद सड़क पर या मोहल्ले में इक्का-दुक्का लोग ही दिखेंगे। शाम होते ही लोग घरों में और गेट पर ताला। घर के भीतर कुछ हो न हो पर दीवारें जरूर ऊंची-ऊंची हैं। मुख्य गेट वजनदार और मजबूत होता है। ऐसा सुरक्षा की दृष्टि से। सवाल उठता है कि इन्हें खतरा है किससे? हां, शाही में एक बात सुखद हुई है, बिजली पहले की अपेक्षा बहुत ज्यादा मिल रही है। इसलिए पढ़ाई के प्रति बच्चों का रूझान बड़ा है। एक ओर जहां समाज में पूंजीवाद का बोलबाला है और हर कोई मुनाफा कमाने की होड़ में हैं। उसके लिए जाति, धर्म, भेद-भाव, क्षेत्र आदि का कोई फर्क नहीं है। बस मुनाफा प्रमुख है। तब देश में ऐसे गांव भी हैं जो आज भी सामंती सोच और मान्यताओं को ढो रहे हैं। और अपनी स्थिति को नियति मान कर बैठे हैं।
अगले भाग में जारी..........

0 Comments