Header Ads Widget

Responsive Advertisement

सुना है आगराखाल में सड़क फोर लेन हो गई...?

सीधी बात-टेढ़ी बात
प्रदीप रावत (रवांल्टा)
आगराखाल में सड़क चार मतलब फोर लेन की हो गई है बल। आहा ऐसी चमचमाती सड़क मैंने आजतक नहीं देखी। दुनिया में शायद उत्तराखंड में पहली बार ऐसी सड़क बनी होगी। दिल खुश हो गया, सड़क देखकर। क्या गजब चमक रही है। सड़क को देख चमचमाती गाड़ियां भी फीकी नजर आ रही हैं। इतना भयंकर विकास नहीं चाहिए हमको। हम तो पहाड़ी हैं। ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर चलने की आदत है, हमको। गुस्सा आ रहा होगा ना आपको कि विकास इतनी तेजी से दौड़ रहा है और तुम कह रहे हो कि नहीं चाहिए। ठीक है आपका गुस्सा जाएज भी है, पर जब आप भी ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके विकास को देखोगे तो चक्कर में पड़ जाओगे। सिर चकराने लगेगा। गारंटी के साथ। 
चलो अब बता भी देता हूं। पर बताने से पहले जय-जयकार तो करनी ही होगी। चलिए विस्तार से बताते हैं। दरअसल, सोशल मीडिया पर आगराखाल के पास आॅलवेदर रोड़ का पोस्टर वायरल हो रहा है। जिसमें फोर लेन सड़क दिखाई गई है। वाह क्या शानदार सड़क है। काश बन भी जाती कभी। फोटो नमो एप से होते हुए। फेसबुक पर पहुंची है। संलग्न फोटो उत्तराखंड के आगराखाल का है और विकास कितनी तीव्र गति से जारी है की...शानदार और दमदार टैग लाइन के साथ। 
टैग लाइन के साथ दिल से मोदी, फिर से मोदी टैग लाइन भी लिखी है इसमें। हमें उससे फर्क नहीं पड़ता कि मोदी फिर से आएं या फिर कभी नहीं आएं। फर्क इस बात से पड़ता है कि किस तरह से झूठ फैलाया जा रहा है। तीन-चार दिन पहले भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने उत्तराखंड के सोशल मीडिया प्रभारियों की बैठक ली थी। कह तो रहे थे कि सोशल मीडिया में सच का ही प्रचार करना है। पर हो सकता हो वो उनका कोडवर्ड हो। उन्होंने कहा तो सुल्टा होगा, कार्यकर्ताओं को बाद में चुपके से कह दिया होगा कि करना इसका उल्टा है। हो भी वही रहा है। 
पोस्टर के साथ मोदी जी का स्माइल करता हुआ फोटो लगा है, लेकिन आगराखाल की जो हालत है। वह लोगों को चिढ़ा रही है। सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण के दौरान कुछ दिक्कतें तो होती ही हैं, लेकिन एतराज इस बात पर है कि झूठ फैलाकर लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ क्यों किया जा रहा है? पीएम मोदी के बगल में चमचमाती सड़क का फोटो लगा है। लिखा है....संलग्न फोटो उत्तराखंड के आगराखाल का है। यह फोटो 25 जून को नमो एप से लेकर फेसबुक पर अपलोड किया गया है। कोई जनाब हैं...मनोज गोयल। अगर ऐसी सड़क उत्तराखंड में कहीं पर भी बन जाए। कसम से लोग उस सड़क को पर्यटन स्थल बना देंगे। इतनी खूबसूरत लग रही है वो नकली सड़क। 
साबह बंद कर दीजिए ऐसा झूठ फैलाना। झूठ की बुनियाद बेहद कमजोर होती है। धरातल पर अभी कुछ हुआ ही नहीं और पोस्टर में सड़क फोर लेन भी बन गई। अब लोग अपनी गाड़ी पोस्टर पर लेकर तो चलेंगे नहीं? फेसबुक पर लोग जरूर पेंटिंग कर उस पर अपनी गाड़ी चला दें। आभासी दुनिया में लोग केवल आभास ही कर पाएंगे और जिस दिन लोगों को यह आभास हो गया कि आप उनका उल्लू बना रहे हैं। समझो आपकी छुट्टी...।  

Post a Comment

0 Comments