बराली एक्सप्रेस-4
---जगमोहन चोपता
---जगमोहन चोपता
ऐसा नहीं था कि सिर्फ छोटू का मन ही बराली के लिये लालायित रहता हो। एक मोटा तगड़ा कुत्ता, गाय, भैंस, बैल सभी को खूब भाता था बराली। ताऊ अपने बचपन के किस्से सुनाते हैं कि पहले जब कभी बराली की छानियों में मवेशियों को लाने में देर हो जाती तो भैंस और गायें भागकर खुद ही वहां आ जाती थी। उनको भी समय का भान रहता था कि कब बराली की छानियों में जाना है और कब फिर वापस चोपता की गोठ में।
![]() |
| गूगल फोटो |
ताऊ अपने बचपन के किस्सों का पिटारा रोटी पर लपोड़ी मिल्क मेड के तरल के साथ खोल देते। जिनमें गुजरात से लेकर देहरादून और बराली से लेकर पांडुकेसर तक के मजेदार किस्सों की भरमार होती। वे जब तब गुजराती में कुछ न कुछ बताते। मोटा भाई मल्लब बड़ा भाई होता है उन्हीं से सुना था छोटू ने। और जब-जब मोटा भाई का जिक्र आता तो छोटू को खूब गुदगुदी होती और वह सोच में पड़ जाता कि यदि किसी का बड़ा भाई बहुत दुबला पतला हो तो उसको कैसे कोई मोटा भाई बोल सकता है।
इन किस्सो कहानी के बीच में ताऊ छोटू को ताकीद करना नहीं भूलते थे कि जीवन में कभी भी कम्युनिस्टों का साथ मत करना। देखो बीरी को सरकारी नौकरी में था। ऐसी नौकरी छोड़ता है कोई, चुपचाप छोड़कर प्राइवेट नौकरी कर ली। मजदूरों की युनिट बनानी थी। भौत खतरनाक होते हैं कौमनिस्ट, इनसे जितना दूर रहा जाय उतना अच्छा है।
छोटू हूं हां करते हुए मुडी हिलाता रहता। ये कम्युनिस्ट कौन होते होंगे, इतने भैंकर कैसे होते होंगे, बाबा को कैसे फंसाया होगा इन्होंने जैसे सवाल मन में कुलबुलाते थे लेकिन डांट की डर से चुपचाप बांदरों पर नजरे जमाये डांग पर अलसाया सा लेटा रहता।
कभी कभार छोटू के पिताजी भी बराली की छानियों में आते। पिताजी को छोटू बचपन से ही बाबा बुलाता था। हां वहां गांव में सभी लोग पिताजी के लिये बाबा या बा का ही संबोधन करते थे। बाबा के साथ भैंस को नहलाने के लिये चोपता गदेरे की तिलघटूं वाली ताल में जाते। रास्ते में टूटा हुआ घराट और भीमल को भिगाने के लिये गांव वालों की छोटी छोटी तलो होती। इन सबसे होते हुए ताल तक भैंस की पूंछ पकड़े बाबा के साथ डग भरता छोटू भी ताल तक जाता।
बाबा भैंस को खूब रगड़-रगड़ कर नहलाते तो छोटू कभी भैंस के ऊपर तो कभी उसकी पूंछ पकड़े तलों में तैरने का अभ्यास करता। थोड़ा गहरे में उतरने की कोशिश करता कि बाबा की कड़क आवाज आती ऐ डूबेगा वहां। आवाज क्या यह आदेश जैसा लगता और छोटू फिर से भैंस के नजदीक किनारे की तरफ आ जाता।
बाबा वापसी में एक थैले में लौंकी, गुदड़ी, चिचिंडा, मिर्च आदि ले जाते। वे इस थैले का कई बार जिक्र कर चुके थे कि उनकी फैक्टरी में कत्था सुखाने के लिये जो दरी का उपयोग किया जाता था यह उसी का बना है। उन दरी की फैक्टरी में हर साल निलामी होती थी। बाबा जब तक थैले की प्रशंश में कहते बहुत मजबूत दरी है देखो कितने साल हो गये इस झोले को।
छोटू कभी फैक्टरी में कत्था सुखाने तो कभी भैंकर कम्युनिष्टों के बारे में सोचता लेकिन सवाल करने में डरता ही था। वापसी में रास्ते में बाबा रूस देश की कहानियां सुनाते, वहां की सरकार मजदूरों की है, वहां सबको पढ़ने और काम का मौका मिलता है आदि आदि। कई नाम इन कहानियों में होते थे। लेलिन और मार्क्स तो बार-बार ऐसे आते जैसे आम के पेड़ों में बांदर आ जाते हों।
जारी---

0 Comments