भाग-3
-मैदान के गांव भी हो रहे हैं खाली...
-ये सिलसिला क्या यूं ही चलता रहेगा,
सियासत अपनी चालों से
कब तक, किसानों को छलती रहेगी?
–----------------------
-रूपेश कुमार सिंह
भारत किसानों का देश है और किसान गांव में बसते हैं। यह वाक्य हम बचपन से सुनते, पढ़ते आ रहे हैं। 65 फीसदी आबादी आज भी खेती पर निर्भर है। लेकिन जो हालात आज किसान व खेती के हंै, वो मंजर बहुत भयावह है। किसान मुल्क की रीढ़ हैं, लेकिन सियासत के खूनी पंजों ने उसे निढाल बना दिया है। किसान बदहाल हैं, परेशान हैं और आत्महत्या करने को मजबूर भी हैं। फसल का वाजिब दाम नहीं मिलता, लागत बेहिसाब है। अनिश्चितता का तो क्या कहिये? जब तक फसल उठकर मण्डी न चली जाये, पता नहीं होता कि कब किसान बर्बाद हो जाये। आज का किसान वास्तव में बहुत बुरे दौर से गुजर रहा है। ऐसे में ‘शाही’ के किसानों की तकलीफ देश के किसानों से कैसे जुदा हो सकती है?
नदी किनारे बसे होने के कारण, नदी के दोनों तरफ गर्मी में पालेज जमकर लगायी जाती है। तरबूज, खरबूज, खीरा, लौंकी, ककड़ी, तुरई, सीताफल आदि की पैदावार खूब होती है। इसके अलावा गन्ना, सरसों, उड़द, अरहर, ज्वार-बाजरा की खेती भी बहुतायत में होती है। गेंहू भी पैदा होता है, लेकिन चावल न के बराबर। चकबंदी हुए एक जमाना हो गया है। बड़ी-बड़ी जोत छोटे-छोटे खेत में तब्दील हो चुके हैं। परंपरागत तौर-तरीके शाही की खेती में खूब देखे जा सकते हैं। हालांकि पेस्टीसाइड का इस्तेमाल धड़ल्ले से बड़ा है।
पूरे देश के तमाम गांव के माफिक शाही में भी खेती घाटे का सौदा बन गयी है। भण्डार गृह का न होना, मण्डी का न होना और ढुलाई के लिए परिवहन की बेहतर सुबिधा न होना ही किसानों को मजबूर करती है कि वो अपना माल साप्ताहिक हाॅट बाजर में ही बेचें। महाजन, आढ़ती और सूदखोरों के तौर पर उभरे नये दलाल वर्ग ने अपने शिकंजें में किसानों की गर्दन बुरी तरह फांस रखी है। चाह कर भी किसान इनके जाल से बाहर नहीं आ पाता है। दस रूपये सैकड़े के हिसाब से ब्याज पर पैसा देने वालों ने शहर के माफिक शाही में भी अपनी जड़े जमा लीं हैं। प्रत्येक किसान कर्ज में डूबा है। सरकारी बैंकें व सहकारी समिति भी किसानों को कोई राहत नहीं दे पा रहीं हैं। बैंक का कर्ज आज किसानों की मौत का करण बन रहा है। शाही में भी ऐसे कई उदाहरण मिल जायेंगे।
शाही में आम तौर पर खपड़ेल, कड़ीदार व कच्चे घर ही मिलेंगे। पिछले 20 सालों में लेंटर का चलन शुरू हुआ है, लेकिन रफ्तार धीमी है। अधिकांश मकान पुराने ढांचे पर ही टिके हैं। चैमासा शुरू होने से पहले छत पर मिट्टी की लिसाई की जाती है। ताकी घर के भीतर बरसात का पानी न जा सके। बावजूद इसके दरबाजे, खिड़की और दीवार पर नक्काशी का काम खूब मिलेगा। पशुपालन में कमी आयी है। चारागृह के सिमटते मैदान इसके लिए जिम्मेदार हैं। शाही में काम भी जाति विशेष पर टिका है, इसलिए हर कोई व्यक्ति आसानी से दूसरे व्यवसाये को नहीं चुन पाता है। व्यवसायिक खेती से शाही अछूता है। प्रचार-प्रसार ही नहीं हुआ इस वाबत इधर। बागवानी खूब होती है। बड़े-बड़े बाग मिलेंगे आपको। गांव की चैपालें और पंचायतें भी अपने पुराने स्वरूप को छोड़ चुकी हैं। लड़ाई-झगड़े बड़े हैं, पुलिस की सक्रियता भी बड़ी है।
कोई भी शुभ कार्य हो तो आम तौर पर सत्यनारायण की कथा, भागवत पाठ, हवन, माता का जगराता और बुलब्बा(महिलाओं का सामुहिक संगीत) बस यही होता है। अशुभ हो तो गरूण पुराण का पाठ। नशे और शराब का चलन बड़ा है। अब तो शाही में अंग्रेजी शराब की दुकान भी खुल चुकी है। पहले देशी शराब पन्नी में मिलती थी। शादी-विवाह में कुछ-कुछ जगह डी जे का शोर सुनने मिलता है। सामुहिक भोज सामान्यतः जमीन पर बैठाकर ही होता है, लेकिन पैसे वाले स्टैंडिंग व्यवस्था भी करने लगे हैं, लेकिन नजारा देखने वाला होता है।
बात किसानों से शुरू की थी, तो बता दूं कि नयी पीढ़ी के बच्चे खेती-किसानी में रूचि नहीं ले रहेे हैं। खेत बटाई या ठेके पर देने की संस्कृति तेज हुई है। इन सबके बीच शाही का किसान खेती से पलायन कर रहा है और नयी पीढ़ी के नौजबान शाही से।
सवाल उठता है........................
कहते हैं बेटी को मार डालोग,े
तो बहु कहां से पाओगे???
सोचो किसान को मार डालोग,े
तो रोटी कहां से लाओगे???
अगले भाग में जारी...........

0 Comments