भाग-1
-रूपेश कुमार सिंह
बार-बार लोगों के मन पर
होते हैं आघात,
आज पलायन के मुद्दे पर
करते हैं कुछ बात!
बरेली मुख्यालय से 30 किमी दूर स्थित है, शेरशाह सूरी द्वारा बसाया गया कस्वा ‘‘शाही।’’ नाम से ही पुरानी बादशाहत, रूतबे, अंदाज और रौबदार होने का अंदेशा होता है, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं है यहां। हिन्दुस्तान के तमाम छोटे-बड़े कस्वे या गांव जैसा ही है, शाही। वही संकीर्णताएं, पिछड़ापन, भेद-भाव और अन्तर्द्वन्द्व लिए बिल्कुल सामान्य सा है शाही। लेकिन इसकी बसासत आज के माफिक सामान्य नहीं थी।
1540 में मुगल शासक हुमायूं को हराकर शेरशाह सूरी ने पूरे उत्तर भारत पर राज किया। शेरशाह सूरी अफगानी मूल के पठान थे, लेकिन इनका जन्म भारत में हुआ था। बुन्देलखण्ड और रूहेलखण्ड पर सूरी का खासा फोकस रहा। हालांकि 1545 में बुन्देलखण्ड में उनकी मृत्यु हो गयी। बावजूद इसके कम समय में शेरशाह सूरी ने तमाम नये गांव बसाये। शाही के साथ-साथ 15 किमी के दायरे में दो कस्वे शीशगढ़ व शेरगढ़ की बसासत भी तैयार हुई। इन स्थानों पर मुसलिम आवादी बहुतायत में है। साम्प्रदायिक तनाव व नफर पर्याप्त होने के बावजूद, आज तक यहां कभी दंगा नहीं हुआ, यह सुखद और संदेशप्रद है। यह बात दीगर है कि यहाँ भी, देश में नये सिरे से पनप रहे कथित राष्ट्रवाद और राष्ट्रवादियों की घुसपैठ में तेजी आयी है।
शाही प्रारम्भ से ही केन्द्र था। तमाम गतिविधि और प्रशासनिक क्रियाकलाप यही से संचालित होते थे। बाद में अंग्रेजों ने भी शाही को ठिया बनाया और शासन किया। जिस टीले पर आज शाही का थाना है, वहां कभी अंग्रेजों की कचहरी चलती थी। सुनवायी होती थी। शाही के बिल्कुल बीचों-बीच टीले पर मौजूद थाना आज भी लोगों के आकृषण का केन्द्र रहता है। अंग्रेजों ने शाही को लगान वसूल करने का अड्डा बनाया। अस्तबल तैयार किया। सेना की एक टुकड़ी के ठहरने का इंतेजाम किया। टीले पर राजशाही महल में अंग्रेज अफसरों के रूकने का प्रबन्ध रहता था। दर्द और उत्पीड़न की तमाम दास्तानें छुपी हैं यहां की सरज़मी पर। इतना गहरा इतिहास जिस क्षेत्र का हो उसे विकसित होना ही चाहिए। लेकिन तमाम सामंती मूल्य-मान्यताओं को ढोता शाही, आज भी अपने विकास की राह ताक रहा है।
पापा (मास्टर प्रताप सिंह) के गुजर जाने के बाद पिछले दिनों कई वर्षों बाद शाही जाना हुआ। जमीन की बिरासतन के वाबत। मास्साब का गांव से गहरा लगाव था। 2005 के बाद उन्होंने उत्तराखण्ड से ज्यादा गांव में ही समय देना शुरू किया। उन्होंने उत्तराखण्ड की तर्ज पर शाही में भी संगठन निर्माण और आन्दोलनों को हवा दी। फरवरी 2015 में बाबा-दादी के निधन के बाद उन्होंने अपना सारा समय गांव की खेती-किसानी में ही देना शुरू किया। इसी दौरान वह कैंसर से ग्रस्त हुए और 2016 जून के बाद गांव कभी नहीं जा सके। रवि के अलावा हम तीनों भाईयों का गांव जाना यदाकदा ही होता है। लेकिन इस बार मैंने गांव को काफी नजदीक से देखने की कोशिश की। इस लेख में गांव के ताजा हालात और स्थिति पर बात करूंगा।
अगले भाग में जारी..........

0 Comments