Header Ads Widget

Responsive Advertisement

...अगले साल का इसी साल से रिहर्सल शुरू

प्रदीप रावत (रवांल्टा)
जय हो। अरे भाई मैं सरकार की जयकार कर रहा हूं। वन विभाग की जयकार कर रहा हूं। आप तो सोच में ही पड़ गए बल। सोच में मत पड़ो जी, ये तो सचेत रहने का समय है। कोई मातम मनाओ, तो कोई खुशी। गुस्सा आ रहा है ना। अरे आपको थोड़े मातम मनाना है। मातम तो बेचारे वो पौधे मनाएंगे, जिनकी इस साल मानसून में मतलब बरखा के सीजन में कब्र खोदी जाएगी। जिनको गड्ढे में डालने के बाद मरने के लिए छोड़ दिया जाएगा। घबराना नहीं बल। पौधे तो गड्ढों में ही लगाए जाएंगे। ऐसा ही सोच रहे हैं ना आप। तो इसमें गलत क्या है...? ठीक ही सोचते हैं बल। गलती तो उन पौधों की है, जो गड्डों में अपनी रक्षा खुद भी नहीं कर सकते। इसमें वन विभाग की थोड़े कोई गलती है। सरकार तो राजा है। उससे प्रजा सवाल भी नहीं पूछ सकती।
जिकुड़ी कई दिन से तेज-तेज धड़क रही थी। डर तो था कि कुछ सरकार और वन विभाग ऐसा करने वाला है। हे राम बेचारे पौधे। एक-दो नहीं, सौ पचास या हजार, एक-दो लाख भी नहीं। पूरे 1 करोड़ 50 लाख पौधों के मर्डर का प्लान बनाया है बल। सरकार के मुखिया ने तो बाकायदा कहा भी कि प्लान से लगाएं बल पौधों को। अब ये तो आप भी समझ गए होंगे कि अब तक जो पौध थे। वो रोपे गए या ठिकाने लगाए गए। सरकार ने तो कह दिया। पहले भी तो ऐसे ही बोलती थी बल। एक बात मैंने ऊपर बोली थी कि कोई खुश होगा और कोई मातम मनाएगा। कुछ तो दूसरी प्रजाति के भी हैं बल। फोटो प्रजाति। इनको छपास रोगी बोलते हैं। पूरा मरनसून सीजन इन्हीं के नाम समर्पित रहेगा। ये पौध रोपते वक्त कश्मों को चबा-चबा करथ खाते हैं। हम इनको बचाने की शपथ लेते हैं। पता नहीं मन में बालते होंगे कि इनको पचाने की कश्में खाते हैं। मजे की बात वो ये है कि सब कच्ची कश्में होती हैं, लेकिन छपास रोगियों को झठ से पच भी जाती हैं।
ये बाबा। गज हो गया भाई। बरखा के सीजन में 17560 हैक्टेयर में 1 करोड़ 50 लाख पौधे गड्ढों में डाले जाएंगे बल। जरा हालत तो देखो। वन विभाग ने तो तैयारी भी कर ली। उत्तरकाशी में 1135 हैक्टेयर में 10 लाख 55 हजार, चमोली में 1400 हैक्टेयर में 11 लाख 19 हजार, टिहरी में 1860 हैक्टेयर में 19 लाख 22 हजार, देहरादून में 1260 हैक्टेयर क्षेत्र में 10 लाख 26 हजार, पौड़ी में 2600 हैक्टेयर में 20 लाख 16 हजार, रूद्रप्रयाग में 835 हैक्टेयर में 9 लाख 81 हजार और हरिद्वार में 596 हैक्टेयर में 5 लाख 46 हजार पौधे लगाये जायेंगे। जबकि नैनीताल में 1627 हैक्टेयर में 11 लाख 68 हजार, उधमसिंह नगर में 1375 हैक्टेयर में 09 लाख 64 हजार, अल्मोडा में 1496 हैक्टेयर में 11 लाख 15 हजार, बागेश्वर में 896 हैक्टेयर मेें 07 लाख 78 हजार, पिथौरागढ में 1634 हैक्टेयर में 16 लाख 47 हजार व चंपावत में 715 हैक्टेयर में 05 लाख 62 हजार पौधे लगाये जायेंगे। 
इतना सब पढ़ने के बाद मैं तो इस चक्कर में पड़ गया कि पिछले कई सालों से पौधे रोपे जा रहे हैं। उत्तराखंड में इतनी भी जगह बची है कि नहीं। पता नहीं भाई। राम मालिक। वन विभाग वाले जानें और सरकार जाने। आप बस इतना जान लो कि अगले साल के मानसून सीजन में इससे दोगुने क्षेत्रफल में दोगुने पौधे रोपे जाएंगे। सुनने में आया बल कि जो इस साल पौधे रोपे जाएंगे। वो अलगे साल के लिए अभी से रिहर्सल माना जाएगा।  

Post a Comment

0 Comments