प्रदीप रावत (रवांल्टा)
आजकल अखबार ऐसा छापने के लिए तैयार रहते हैं, जिससे अगले दिन उनके पास कुछ दिखाने के लिए खास हो। इस चक्कर में बहुत सारी गलतियां हो जाती हैं। एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में कुछ भी लिखने और छापने की आतुरता नजर आ रही है बस और कुछ नहीं। यह भी नहीं देखा जा रहा है कि वास्तव में घटना क्या थी, जो सुना चेप दिया। चेपुओं की एक और ऐसी ही फोज खड़ी हो गई कि बस पूछो मत। दो बड़े अखबारों ने तो गलत खबर छाप दी। इसके बाद नंबर आता है डिजिट में खबरें लिखने वाले खबरियों की। उन्होंने सुबह जैसे ही अखबारों में खबर पढ़ी। उस पर टूट पड़े, जैसे कई सालों से भूखा खाना देखकर उस पर टूट पड़ता है।
मंगलवार की शाम को मोरी क्षेत्र में भयंकर तूफान आया। मोरी में भी पेड़ गिरे। लोगों का आर्थिक नुकसान हुआ। गनीतम यह रही कि यहां कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। अब असल बात पर आते हैं। इसी तूफान के दौरान भंक्वाड़ में भी तेज हवाओं के कारण एक पेड़ वन गुज्जरों की झोपड़ी पर गिर गया। भीतर चूल्हे में आग जल रही थी। झोपड़ी के गिरते ही उस पर आग लग गई, जिससे झोपड़ी में मौजूद तीन मासूम जिंदा जल गए। मुझे क्या इस घटना पर हर किसी को दुख होगा। मेरी संवेदनाएं गुज्जर परिवार के साथ हैं। लेकिन, सवाल उन बड़े अखबारों पर है, जिन्होंने गलत रिर्पोटिंग कर तूफान से गिरे पेड़ को जलता हुआ करार दे दिया। जबकि ऐसा था ही नहीं। इससे किसी को कोई नुकसान तो नहीं होगा, लेकिन अखबारों की विश्वसनियता पर जरूर सवाल खड़े होंगे।
जिस क्षेत्र की यह घटना है। वहां शायद ही किसी अखबार का प्रतिनिधि होगा, लेकिन डिजीटल दौर में सही जानकारी जुटाई जा सकती है। खबर को लेकर सवाल इसलिए भी हैं कि इसे चलताऊ ढंग से लिखा गया है। उसके हल्केपन का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि खबर के साथ संबंधित क्षेत्र के किसी अधिकारी का वर्जन तक नहीं लिया गया। जबकि पुरोला के एसडीएम पुरण सिंह राणा ने करीब सात बजे तक स्थिति साफ कर दी थी कि तीन बच्चों की मौत हुई है। बावजूद इसके किसी ने उनका वर्जन तक नहीं लिया। टौंस वन प्रभाग के अधिकारी और आपदा विभाग की टीम भी मौके पर थी। उनसे भी पूछा जा सकता था। जिले के अलावा आपदा विभाग का कार्यालय देहरादून में भी है। जहां पल-पल की जानकारी दी जाती है। वहां से भी इस घटना को कंफर्म किया जा सकता था, लेकिन खबर बता रही है कि ऐसा कुछ भी नहीं किया गया। यह सोचने वाली बात तो है ही। बहुत गंभीर चिंतन का विषय भी है।
और आखिर में बात खबरियों की। हर कोई अखबारों में छपी खबर को ही चेपने में जुटा है। उनके हाथ खजाना लग गया। व्यूवरशिप के चक्कर में कुछ भी चेप दो। कोई गलत खबर छापने से बेहतर है कि या तो उसकी पड़ताल कर ली जाए या फिर खबर को सामान्य ढंग से लिख दिया जाए। किसी खबर को सनसनीखेज बनाने के चक्कर में ही अक्सर गलतियां होती हैं।

0 Comments