देहरादून: पहाड़ पलायन से बर्बाद और तबाह हो रहा है। हजारों गांव के हजारों घर खाली हो चुके हैं। गांव के गांव निर्जन पड़े हुए हैं। ये गांव और मकान भुतहा कहे जाने लगे हैं। भुतहा गांवों को गुलजार करने के लिए राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी ने एक और पहल शुरू की है। उन्होंने नीति आयोग से भुतहा गांव के कायाकल्प की मांग की, जिस पर नीति आयोग ने अपनी सहमति दी है। नीति आयोग ने 10 पहाड़ी जिलों के 10 निर्जन गांव को गोद लेने का निर्णय लिया है। पलायन से निर्जन होने के बाद ‘भुतहा गांवों' का नीति आयोग कायाकल्प करेगा।
आयोग ऐसे गांवों को मॉडल गांव के तौर पर विकसित करेगा। यही नहीं, आयोग प्रदेश में पलायन की समस्या पर उच्च स्तरीय अध्ययन रिपोर्ट भी तैयार करवाएगा। आयोग की विशेषज्ञ टीम सांसद बलूनी के गोद लिए गए बौर गांव का भी दौरा करेगी। सांसद बलूनी उत्तराखंड में पलायन की समस्या को लेकर भारत सरकार के मंत्रालयों और संस्थानों से निरंतर संवाद कर रहे हैं। इस कड़ी में बुधवार को उन्होंने नीति आयोग के उपाध्यक्ष राजीव कुमार से भेंट की और उत्तराखंड में भयावह होती पलायन की समस्या के समाधान के लिए नीति आयोग से सहयोग मांगा।

0 Comments