Header Ads Widget

Responsive Advertisement

एक्सक्लूसिव: गैरसैंण गैर, फिर क्यों लुटाया जा रहा सरकारी खजाना, फूंक डाले 1 अरब 26 करोड़

देहरादून: गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाने को लेकर उत्तराखंड की जनता आज तक इंतजार कर रही है। उत्तराखंड आंदोलन में लोगों ने राज्य निर्माण और पहाड़ की राजधानी पहाड़ यानि गैरसैंण के लिए अपनी जानें कुर्बान कर दी। लेकिन, सत्ता पर काबिज होने वाली भाजपा और कांग्रेस ने लोगों की उन शहादतों को अपने फायदे का सौदा बना लिया। गैरसैंण राजधानी तो नहीं बन पाई, लेकिन सत्तासीनों ने राजधानी में विधानसभा सत्र कराने के नाम पर सरकारी खजाना जमकर लुटाया। 2016 से लेकर 2019 तक गैरसैंण में सत्रों के आयोजन पर करोड़ों खर्च हो चुका है। आलम यह है कि गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाने को लेकर लोगों की उम्मीदें टूटती जा रही हैं और विधानसभा सत्र के नाम पर नेताओं की पिकनिक का खर्च साल दर साल बढ़ता जा रहा है। राजनितिक दलों से सवाल पूछा जाना चाहिए की अगर गैरसैं उनके लिए गैर है तो, फिर गैरसैं पर सरकारी खजाना क्यों लुटाया जा रहा है। यह सवाल पूछा जाना चाहिए।
                                              ------------------------------
गैरसैंण में अब तक के सत्रों पर खर्च की बात करें तो 2016-2017 में आयोजित विधनसभा सत्र पर 32 करोड़, 32 लाख, 19 हजार, 292 रुपये खर्च हुआ। 2017-2018 में खर्च बढ़कर 44 करोड़, 29 लाख, 81 हजार, 194 और 2018-2019 में अब तक आयोजित हुए सत्रों पर 49 एकरोड़, 21 लाख, 93 हजार, 352 रुपये का बजट ठिकाने लगाया जा रहा है। सूचाना अधिकारी कार्यकर्ता हेमंत गौनिया को दी गई यह जानकारी अगर सही है, तो आप अंदाजा लगा सकते हैं कि गैरसैंण नेताओं के लिए गैर तो है, लेकिन गैर गैरसैंण में अरबों लुटाए जा रहे हैं।
                                   ------------------
इसके अलावा खर्च और भी हैं। राज्य संपत्ति विभाग और उत्तराखंड शासन ने 2017 में आहुत किए गए विधानसभा सत्रों में खूब खर्च किया है। विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और मंत्रियों के लिए बनाए गए अस्थाई कार्यालयों पर अस्थाई राजधानी के शौकीनों ने 18 लाख 10 हजार, 858 रुपये खर्च किए। संचार व्यवस्था पर 10,12,953, विधायक आवास रख-रखाव पर 39,32,415, ट्रांसपोर्टेशन पर 74,869, क्रमिकों के अध्यासन पर 15,300, विधानसभा सत्र की तैयारियों के लिए चमोली जिलाधिकारी को 30 लाख और गैरसैंण में पहले से अतिसम्मानित विधानसभा के सदस्यों के सम्मान के लिए प्रतीक चिन्ह पर 23 हजार रुपये खर्च किए गए। 
                                             --------------------
अब मार्च 2018 की बात करते हैं। सूचना अधिकार में मिली जानकारी के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और मंत्रियों के लिए बनाए गए अस्थाई कार्यालयों पर 19 लाख, 29 हजार, 447 रुपये खर्च किए गए। संचार पर व्यवस्था पर 10 लाख, 25 हजार, 998, चमोली जिलाधिकारी को व्यवस्थाएं करने के लिए 50 लाख, ट्रांसपोर्टेशन पर 46 हजार 940 और विधायक/मंत्री/अधिकारी और कर्मचारियों के खाने पर 62 लाख 82 हजार, 310 रुपये का मोटा खर्च किया गया। 
                                                   -------------------------
खर्च पर कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन क्या इतना खर्च करने के बाद भी गैरसैंण गैर नहीं है? क्या गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाने की दिशा में कोई काम किया गया? क्या गैरसैंण में पहाड़ के विकास की कोई बड़ी योजना बनाई गई? क्या गैरसैंण सत्र में गैरसैंण पर चर्चा हुई। अगर नहीं तो फिर बगैर राजधानी बनाने जनता के पैसों को इस तरह क्यों लुटाया जा रहा है। आखिर कब तक पहाड़ और पहाड़ी देहरादून के एसी कमरों से ठगे जाते रहेंगे। ये चिंता की बात है। इस पर लोगों को सामने आना चाहिए। सरकारों से जवाब मांगना चाहिए कि आखिर कब तक। एक चिंता और है। आने वाले समय में लोकसभा सीटों का परिसीमन होगा। तय समझिए अगर इसी तरह हम मैदानी होते गए तो, पहाड़ की एक लोकसभा सीट को कम होने से कोई नहीं रोक सकता। यही हाल विधासभा सीटों का भी होगा। जागिए...वरना।

Post a Comment

0 Comments