Header Ads Widget

Responsive Advertisement

मास्साब की स्मृतियों के बहाने पांचाली बन चुके लोकतंत्र की हकीकत

      दिन 10 मार्च। जगह दिनेशपुर (रुद्रपुर)। कार्यक्रम गौरव के 32 साल और स्वर्गीय मास्टर प्रताप सिंह की स्मृतियों को उनकी अनसुनी आवाज के जरिए याद करने का मौका मिला। मुझे 10 मार्च को तय समय पर कार्यक्रम में पहुंचना था। इसलिए 9 मार्च को ही रात साढ़े 11 बजे रुद्रपुर के लिए रवाना हुआ। सुबह छह बजे पहुंचा। कुछ देर छोटे के कमरे पर आराम करने के बाद सुबह करीब 10 बजे अपने मित्र सुनील पंत और अपर्णा जी के साथ कार में सवार होकर कार्यक्रम शुरू होने से पहले दिनेशपुर पहुंच गए। इस बात से बड़ा सुकून मिला कि तय समय पर पहुंच पाया।  

जिस दिनेशपुर में ये कार्यक्रम हुआ, वो दिनेशपुर असल भारत की परिकल्पना को साकार करता नजर आता है। उसी दिनेशपुर को कामरेड मास्टर प्रताप सिंह ने अपनी कर्मभूमि बनाया। प्रेरणा-अंशु जैसी पत्रिका का प्रकाशन पिछले 32 सालों से केवल इसलिए जारी है। क्योंकि उसके पीछे मास्साब का संघर्ष, मेहनत और सोच पूरी ताकत से काम कर रही है। प्रेरणा-अंशु आगे भी ऐसे ही चलती रहेगी। ये केवल उम्मीद नहीं, बल्कि पूरा भरोसा है। आओ हम मिलकर मास्साब के विचारों को आगे बढ़ाएं। क्यांेकि मास्साब एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक पूर्ण विचार थे। संपूर्ण क्रांति थे। विचार कभी मरते नहीं हैं। मास्साब हमेशा अपने विचारों के जरिये जिंदा रहेंगे। 

पहला सत्र सामान्य था। कामरेड मास्साब के साथ रहे लोगों ने उनको याद करते हुए उनके जीवन के बारे में बताया। उनके हर संघर्ष को अपनी भावनाओं के साथ घोलते हुए गंभीरता से पेश किया। ये पहला सत्र था। संचालन विरेश जी कर रहे थे। मेरे लिए कार्यक्रम दो तरह से महत्वपूर्ण था। पहला यह कि मास्टर प्रताप सिंह मेरे बड़े भाई से ज्यादा मेेरे मित्र सीनियर जर्नलिस्ट रुपेश कुमार सिंह के पिता थे। उनका मुझे भी प्यार और आशीर्वाद मिला था। उनके निधन पर जाने का कुछ ऐसा संयोग बना कि चाहकर भी नहीं जा सका। इस लिहाज से संतोष रहा कि उनकी स्मृतियों को और उनको याद करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में जा पाया। दूसरा यह कि रुपेश दा ने बहुत कार्यक्रमों का आमंत्रण दिया था, लेकिन किसी में शिरकत नहीं कर पाया। उन्होंने कभी कहा तो नहीं, लेकिन वो नाराज थे। अपने साथियों को देखकर उनकी खुशी का अंदाजा मैं आसानी से लगा पा रहा था। कार्यक्रम में आए खास और नए लोगों को जानने, पहचाने और सुनने का मौका मिला। 


प्रमोद शाह। ऐसा नाम जिसे उत्तराखंड में ऐसे कम ही लोग होंगे, जो नहीं जानते होंगे। पुलिस अधिकारी हैं। उनके जितना जानकारियों से भरा पुलिस अधिकारी मुझे आज तक नहीं मिला। जबकि मैं बहुत सारे पुलिस अधिकारियों से मिला हूं। उनसे मुलाकत पहली नहीं थी, लेकिन सीखने के लिहाज से उनके साथ हर दिन नया लगता है। नैनीताल समाचार के संपादक राजीव लोचन शाह जी। परिचय के मोहताज नहीं हैं। पहली बार मुलाकात हुई। प्रो. ताराचंद्र त्रिपाठी जी प्रसिद्ध इतिहासकार। अजीत साहनी और भी कई सारे लोग। महेंद्र मेरे पुराने मित्र हैं। लंबे अंतराल के बाद मिलकर अच्छा लगा। 

कार्यक्रम के पहले सत्र में सबसे पहले अनसुनी आवाज पुस्तक का विमोचन किया गया। पुस्तक के संपादक पलास विश्वास ने कहा कि मास्टर प्रताप सिंह ने अपने संपादकीय लेखों के जरिए, जो लिखा। वैसी सोच को विकसित कर पाना आज मुश्किल है। उनके दौर के संघर्षों की कहानी किसी फिल्म से कम कतई नहीं है। फिल्मी कहानियों की तरह जिस तरह हीरो विजेता बनकर उभरता है। मास्साब रीयल लाइफ में ना केवल हीरो बनकर, बल्कि उन्होंने महान योद्धा की तरह लड़कर खुद को संघर्षों के दम पर विजेता बनाया। अपने हिस्से की जीत को विरोधियों से छीनकर अपनी हर लड़ाई को जीता। उनके घोर दक्षिण पंथी से घोर वामपंथी बनने की कहानी भी रोचक है। मास्टर प्रताप सिंह को जानने वाले लोग कहते हैं कि उनको समझ पाना बेहद कठिन कार्य था। उन्होंने जिन गंभीर मसलों को उठाया, उनके बारे में सोच पाना भी आज के दौर में थोड़ा मुश्किल है। 

काॅमरेड इंद्रेश मैखुरी ने महशूर शायर अकबर इलाहबादी के नाम के बहाने इलाहबाद का नाम बदले जाने पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि अकबर इलाहबादी का नाम भी बदलकर अकबर प्रयागराजी कर दिया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि लड़ाई भले ही छोटी हो, लेकिन हमने लड़ना नहीं छोड़ा है। लड़ रहे हैं और लड़ते रहेंगे। उपापा के अध्यक्ष पीसी तिवारी ने भी देश और राज्य की परिस्थितियों पर लोगों के सवालों का गंभीरता से जवाब दिया। उन्होंने अपने अनुभव और वर्तमान स्थितियों को जोड़ते हुए कुछ महत्वपूर्ण उदाहरणों के साथ सुधार के सुझाव भी दिए। कुछ वक्ताओं ने लोकतंत्र और जन प्रतिनिधियों की वर्तमान स्थिति में लोकतंत्र को महाभारत की पांचाली करार दिया। जिसका चीरहरण हर दिन हो रहा है और हम होते हुए देख रहे हैं। 


लोकतंत्र में जनप्रतिनिधित्व...विषय पर शुरूआत की जिम्मेदारी भुपेन दा को दी गई। उन्होंने शानदार ढंग से शुरू किया। बारी-बारी से लोगों ने कहा। सवालों के जवाब भी दिए। इसके बाद राजीव लोचन शाह जी ने भी मास्टर प्रताप सिंह को याद करते हुए बेहतरीन ढंग से अपनी बात रखी। प्रमोद शाह जी ने कश्मीर में 370 और 35-ए को लेकर किए जा रहे सवालों का जवाब इतिहास की बुनियाद पर उसकी व्यहारिकता को बड़ी सहजता से समझाया। 

सेवानिवृत्त इतिहासकार प्रो. ताराचंद्र त्रिपाठी जी को पहली बार सुना। उन्होंने सौ बातों की एक बात वाली कहावत को चरितार्थ कर दिया। उन्होंने कहा कि राजशाही में राजा के सामंत होते थे। आज लोकतंत्र में भी सामंत हैं। साथ ही कहा कि हिटलर के कार्यकाल में भी शुरूआत में इसी तरह की परिस्थियां थी। तब भी नारा था कि हिटलर कुछ भी कर सकता है। आज भी वही नारा है। मोदी है तो मुमकिन है। उन्होंने कहा कि इतिहास की आज तक जितनी भी घटनाएं हुईं। उन घटनाओं ने विखंडित करने का काम किया। उन्होंने कहा कि आज जोड़कर चलने की जरूरत है। मिलकर आगे बढ़ने की जरूरत है। इतिहास की नब्ज को बारीकी से टटोलने वाले प्रो. त्रिपाठी को पहली बार सुनने के बाद अब बार-बार उनसे मिलने की उत्सुकता हो रही है। 

जेएनयू के रिटायर्ड प्रोफेसर चमन लाल ने कहा कि लोकतंत्र अपने बुरे दौर से गुजर रहा है। संविधान देश की जनता के संरक्षण के लिए बनाया गया है, लेकिन खुद संविधान पर ही खतरा मंडरा रहा है। धर्म में राजनीति को जबरन लाने से संकट और गहरा रहा है। उन्होंने कहा कि धर्म तथ्यों को विकृत करता है। धर्म के नाम पर राजनीति करने वाले ज्यादातर मामलों में गलत तथ्य पेश कर झूठ बोलते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान वर्तमान दौर में केवल अमीरों की रक्षा कर रहा है। सरकार और पीएम मोदी को लेकर उन्होंने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि आज देश युद्धोन्माद के बारूद पर खड़ा है। जिस दिन इस बारूद में चिंगारी लगेगी। उस दिन केवल तबाही होगी। कई और बहुत सारी बातें लिखनी शेष हैं। कल आपको प्रो. चमन लाल से कुछ गंभीर विषयों पर दिए गए बयानों और उनसे हुई बातचीत के बारे में बताने का प्रयास रहेगा। 

तीसरा और अंतिम सत्र थिएटर को समर्पित रहा। कुल मिलाकर रंगमंच का बोलबाला रहा। अजीत साहनी ने कवि पाश की और दूसरे रचनाकारों के साथ ही अपनी कविताओं की लाइनें भी सुनाई। शब्दों को पेश करने का उनका हुनर गजब रहा। विषयों पर उनकी गहरी पकड़ भी उनको अलग बनाती है। लघु नाटिका के जरिए सुलोचना और प्रीतम की प्रेम कहानी के बहाने समाज की वर्तमान परिस्थितियों को बयां किया गया। अदाकारी शानदार रही। थोड़ी-बहुत उलझनों पर ध्यान नहीं गया। इसके बाद वर्तमान में उपजे परिदृश्य को दिखाता एक पुराना नाटक ‘‘किस्तों में रेंगती मौत’’ आज हर खांचे और सांचे में खुद को सही और सटीक बैठा रहा था। सांप्रदायिकता, कानून व्यवस्था और आपराधिक मानसिकता पर करारा वंग्य करता नाटक यह संदेश दने में भी सफल रहा कि देश प्रेम का मूल केवल मानवता ही है। उन्माद किसी बात का समाधान नहीं हो सकता। उन्माद बर्बादी लाता है। अगर किसी को बर्बादी पसंद हो तो उनको बर्बादी मुबारक...। 

इस पूरे कार्यक्रम के बाद रुद्रपुर रोड़वेज बस स्टेशन पर पहुंचा। साथ में प्रो. चमन लाल जी भी थे। उनसे विदा ली और बस से वापस देहरादून की ओर चल पड़ा। बस का परिचालक शराब पीकर अभद्रता पर उतर आया था। बस में सवार लोगों के साथ उसने अभद्रता की। मैंने मामले की शिकायत व्हाट्सएप के जरिए रोडवेज के महाप्रबंधक संचालन दीपक जैन को भेजा। सुबह उनका फोन आया। उन्होंने मामले की जानकारी ली और परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की। अच्छा लगा कि अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया। मामला केवल अभद्रता का नहीं था। बस में सवार यात्रियों की सुरक्षा का ज्यादा था...। 
                                                                                       ...प्रदीप रावत (रवांल्टा)
 

Post a Comment

0 Comments