देहरादून: कर्नल अजय कोठियाल ने सभी अटकलों को दरकिनार करते हुए निर्दलीय चुनाव नहीं लड़ने का एलान कर दिया है। कर्नल कोठियाल के चुनाव नहीं लड़ने से भले ही भाजपा ने कुछ राहत की सांस ली हो, लेकिन कर्नल कोठियाल फिलहाल भाजपा में शामिल नहीं हो रहे हैं। इसके उन्होंने संकेत भी दिए हैं। इन सबके बीच जो बड़ी बात निकलकर सामने आ रही है, वो यह है कि कर्नल कोठियाल प्रदेश की सियासत में तीसरे विकल्प की तैयारी में जुट गए हैं।
उत्तराखंड क्रांतिदल राज्य गठन के साथ ही सिमटता चला गया था। तब से ही प्रदेश की सत्ता पर राष्ट्रीय दलों भाजपा और कांग्रेस का कब्जा रहा है। राष्ट्रीय दलों ने पहाड़ को आबाद करने के बजाया अपने एजेंडों को सेट करने के लिए पूरी तरह बर्बादी की कगार पर पहुंचा दिया है। प्रदेश में राजनीतिक लिहाज से तीसरे विकल्प की जरूरत है। अगर कर्नल कोठियाल तीसरे विकल्प को ध्यान में रखकर आगे बढ़ते हैं, तो एक बात तो साफ है कि उनको लोगों का समर्थन मिलेगा, लेकिन उनकी राह आसान कतई नहीं होगी।
कर्नल कोठियान ने प्रैस कांफ्रेंस में कहा कि उनको राजनीति नहीं आती। वो चुनाव लड़ना चाहते थे, लेकिन परिस्थियां ऐसी बनी की उनको कदम पीछे खींचने पड़े। कर्नल कोठियाल ने यह भी कहा कि वो केंद्र की राजनीति के बजाय प्रदेश में रहकर लोगों के लिए कुछ करना चाहते हैं। उसी पर काम करने के मजबूती से अपनी बात रखेंगे। जिस तरह से कर्नल कोठियाल ने अपनी बातें रखीं, उससे एक बात तो साफ झलकती है कि वो 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए तीसरे विकल्प के तौर पर मैदान में उतरना चाहते हैं। अगर इस मिशन पर वास्तव में काम किया गया, तो भाजपा-कांग्रेस को प्रदेश की सत्ता से बेदखल भी किया जा सकता है।
बहरहाल यह देखना होगा कि आने वाले दिनों कर्नल कोठियाल की गतिविधियां क्या रहती हैं। जन मुद्दों को लेकर उनकी पूरी टीम काम कर रही है। उनके इस फैसले को सही भी माना जा रहा है। उनके चाहने वालों की मानें तो वो पहले से ही कर्नल कोठियाल को चुनाव नहीं लड़ने के लिए कह रहे थे। कर्नल की टीम ने काफी चर्चा के बाद यह निर्णय लिया कि कर्नल निर्दलीय चुनाव नहीं लड़ेंगें। तीसरे विकल्प की आवाज को मजबूती से सामने रखा गया तो जनता को इसे अपनाने में ज्यादा वक्त नहीं लगेगा। जनता भाजपा-कांग्रेस से पहले ही परेशान है।

0 Comments