सरकार ने बहुत बढ़िया किया। कैबिनेट नें बड़ी राहत दी। धन्यवाद आपका...नेता स्टाइल में हृदय की गहराइयों से...। वैसे मौका बढ़िया है...बल। रोजगार की आस में बूढ़े होते जा रहे हमारे नौजवान, जवान, बुढ़ापे की ओर बढ़ते और नौकरी की उम्र की ढलान से लुड़कने के लिए तैयार बेरोजगार साथियों को आज गुलाब दिवस के दिन मुख्यमंत्री जी को गुलाब भेंट तो कर ही देना चाहिए। काहे कि चाकलेट ओ खाएंगे नहीं, टैडी उनको पसंद नहीं और हग से वो परहेज करते हैं। बाकी आई लव यू तो आप उनको बोल ही सकते हो...। इस बात का कुछ पता नहीं कि उनको आपसे प्यार है भी या नहीं...!
मित्रों....आप धन्य हैं। जो बेरोजगारी के मोर्चे पर भारी कठिनाइयों के बीच अब भी सरकार से भर्ती निकालने की उम्मीद नहीं छोड़ रहे हैं। सरकार ने आपके लिए, हमारे लिए, हमारे बच्चों के लिए अच्छा काम किया है, लेकिन वो काम तब तक किसी काम का नहीं, जब तक वो किसी के काम नहीं आ जाता। काम कुछ ज्यादा हो रहा है। कहने का मतलब ये है कि अगर भर्तियां ही नहीं निकलेंगी तो हम क्या उस फैसले का अचार डालेंगे...नहीं ना, तो सरकार जी अब कुछ भर्ती-उर्ती भी निकाल दीजिए। मेरी भी थोड़ी सी उम्र बची है। जीरो टाॅलरेंस के दौर में जीरो हटाकर टाॅलरेंस का शिकार हो जाऊंगा, तो मेरा भी बेड़ापार हो जाएगा। जीरो युक्त टाॅलरेंस से यहां कुछ होने वाला नहीं है।
जीरो टाॅलरेंस वाला जीरो पिछले दो साल में काफी बड़ा हो चुका है। हमें तो हमारे वाला ही पता है। जो भी भर्ती होती है। जीरो टाॅलरेंस की तरह उसका भी परिणाम जीरो हो जाता है। बड़ी दिक्कत-परेशानियों के बाद आजकल समीक्षा अधिकारी का परिणाम निकला...वो भी जीरो होने की कगार पर है। वैसे तो परीक्षा ही नहीं हो पाती, जो हो जाती हैं...उनमें टाॅलरेंस से पहले का जीरो पूरी तरह हट जाता है। अब करें भी तो क्या...? कई बंदे तो रिजल्ट आने के इंतजार में शादी भी नहीं कर पा रहे। सरकार को उनके लिए भी तो कुछ योजना चलानी चाहिए। चाहे तो बेराजगार विवाह अध्यादेश भी ला सकते हैं ।
...प्रदीप रावत (रवांल्टा)
...प्रदीप रावत (रवांल्टा)

0 Comments