देहरादून: मौसम विभाग ने प्रदेश के पांच जिलों में भारी बर्फबारी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबकि राजधानी देहरादून समेत प्रदेश के दूसरे जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए शासन से सभी जिलों के जिलाधिकारियों को सावधानी बरतने और आपदा विभाग की टीमों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
मौसम विभाग ने पांच जनवरी यानि आज से उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। साथ ही देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार, नैनीताल, चम्पावत और ऊधम सिंह नगर में अगले 36 घंटे तक ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान को देखते हुए जिलाधिकारियों ने आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों बर्फबारी की संभवना को देखते हुए सतर्कता बरतने के लिए कहा है। ऊंचाई वाले इलाकों में खास नजर रखने के लिए कहा गया है। लोगों को कच्चे घरों की छतों से बर्फ को लगातार हटाते रहने को भी कहा गया है। ज्यादा बर्फ पड़ने की स्थिति में लोगों को निचले इलाकों में आने की सलाह भी दी गई है।

0 Comments