पहाड़ समाचार
चलो धन्य हुए हम। विलुप्त प्राय हो चुके महाराज जी आखिरकार प्रकट हो गए। मैं तो गदगद हूं। पिछले कई महीनों से अदृश्य चल रहे महाराज के दर्शन उनके प्रयागराज में प्रकट होते वक्त के चित्र से हुए। महाराज देवभूमि नहीं बल्कि दूसरी देवभूमि की संस्कृति का विस्तार करते भी नजर आए। महाराज के एक भक्त का संदेश आया कि महाराज ने संत समाज को गंगा की अविरलता का संकल्प दिलाया। चाहे हरिद्वार में गंगा को आश्रम से मोक्ष ना मिल पा रहा हो। महाराज से मुझे कोई जलन-वलन नहीं है। उनसे प्रेम है। बस उनका यही प्रेम उनकी ओर आकर्षित करता है। आगे राधेय...रोध।
महाराज जी पिछले कुछ समय से विलुप्त से हो गए थे। खबरी भी उनकी खबर नहीं बताते कि महाराज कहां हैं। आज असामाजिक हो चले सामाजिक मीडिया ने हमें यह जानकारी दी कि महाराज प्रयागराज में प्रकट हुए हैं। सिर पर दूसरी देवभूमि का गोल मखमली टोपी नुमा मुकुट पहने, चेहरे पर खिलखिलाती मुस्कराहट, रौबदार सरसों के तेल लगी मूछें। सच कहूं तो गजब लग रहे थे। मेरा मन तो ‘‘नजर’’ उतारने का हो रहा था, पर महराज तो इतने ऊपर हैं कि उनको उतारना थोड़ा मुश्किल है।
महाराज जी ने वैज्ञानिक दृष्टिकोण दिया...गंगा जी को स्वच्छ और साफ रखने का। धन्य हैं महाराज कहीं तो प्रकट हुए। वैसे संतो के बीच महाराज...महाराज ही लग रहे थे। बाकी तो वहां सब अर्ध शरीर वस्त्र धारणम् वाली स्थिति में नजर आ रहे थे। कुल जमा असली जोगियों की फौज और मौज। किसी-किसी के हाथ में तो टिमरु का डंडा भी दिखाई दे रहा था। पता नहीं महाराज ही ना लेकर गए हों उनके लिए। अपनी देवभूमि में तो बहुत मिलता है। मजा आता अगर महाराज जी एक टिमरु का सोटा देवभूमि के कोतवाल को भी कस देते...कमस से रास्ते में आ जाते और महाराज की भी जय-जयकार होती।
पता नहीं प्रयागराज में क्या संकल्प लेकर आ रहे होंगे। लगता है बाबाओं से दिव्य शक्तियां लेकर लौटने वाले हैं। उनके भक्त की सामाजिक मीडिया पर जिस तरह के बोल फूटे उससे तो लगता है कि महाराज तेज के साथ लौटने जा रहे हैं। वैसे महाराज के भक्त भी सामाजिक मीडिया पर आज ही प्रकट हुए हैं सीधे महाराज जी के साथ। वो भी बेचारे विलुप्त से हो चले थे। वैसे भक्त ने साबित कर दिया कि वही सअली भक्त है...बाकी सारे नकली।

0 Comments