जयुपर: आईपीएल के 12वें सीजन के लिए मंगलवार को खिलाड़ियों की नीलामी हुई. एक समय अपनी शानदार बल्लेबाजी के कारण फ्रेंचाइजियों की सूची में सबसे ऊपर रहने वाले भारतीय ऑलराउंडर युवराज सिंह को आईपीएल की इस नीलामी में कोई खरीदार नहीं मिल सका. एक करोड़ की बेस प्राइस के साथ नीलामी में उतरे युवराज के लिए किसी भी टीम ने बोली नहीं लगाई. हालांकि बाद में मुंबई इंडियंस ने युवराज सिंह को एक करोड़ में खरीद लिया. पिछले सीजन में वह किंग्स इलेवन पंजाब के लिए खेले थे, लेकिन फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन नहीं किया. वहीं, जयदेव उनादकट सबसे महंगे खिलाड़ी बने. उन्हें राजस्थान ने 8.4 करोड़ में खरीदा. वहीं मिस्ट्री गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती को पंजाब किंग्स इलेवन ने 8.4 करोड़ रुपए में खरीदा.
बता दें कि साल 2011 में भारत को वर्ल्ड कप चैंपियन बनाने वाले युवराज सिंह का करियर ढलान पर आ गया है. ज्यादा पुरानी बात नहीं है, तीन साल पहले 2015 में युवराज सिंह को आईपीएल नीलामी में 16 करोड़ में खरीदा गया था, जबकि 2018 में उन्हें किंग्स इलेवन पंजाब ने 2 करोड़ रुपए में खरीदा था.
वहीं, वेस्टइंडीज की टी-20 टीम के कप्तान कार्लोस ब्रेथवेट इस साल दो बार की विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ खेलते नजर आएंगे. कोलकाता ने विंडीज के इस हरफनमौला खिलाड़ी के लिए पांच करोड़ की कीमत अदा की है. ब्रेथवेट 75 लाख की बेसप्राइस के साथ नीलामी में उतरे थे. बीते सीजन पंजाब का हिस्सा रहे हरफनमौला खिलाड़ी अक्षर पटेल आगामी सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की जर्सी में दिखेंगे. एक करोड़ की बेस प्राइस के साथ उतरे अक्षर को दिल्ली ने पांच करोड़ दिए हैं.
जॉनी बेयरस्टो अपने पहले आईपीएल में पूर्व विजेता सनराइजर्स हैदराबाद के साथ खेलेंगे. हैदराबाद ने इंग्लैंड के इस विकेटकीपर बल्लेबाज के लिए 2.2 कोरड़ दिए हैं. वहीं वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन किंग्स इलेवन पंजाब के साथ आईपीएल पदार्पण करेंगे. पंजाब ने इस खिलाड़ी के लिए 4.2 करोड़ रुपये दिए हैं. चोट से जूझ रहे रिद्धिमान साहा को हैदराबाद ने एक बार फिर 1.2 करोड़ में अपने साथ जोड़ा है. टीम ने उन्हें पहले रिटेन न करने का फैसला किया था.

0 Comments