लखनऊ: गृहमंत्री राजनाथ सिंह सामान्य तौर पर अपना आपा नहीं खोते हैं। लेकिन एक सभा के दौरान बार बार टोकाटोकी से वो गुस्से में आ गए। उन्होंने सवाल पूछने वाली महिला से कहा कि बैठ जाओ। दरअसल, महिला को शिकायत थी कि उसे महज पांच हजार रुपए मिलते हैं और सीमित आमदनी में अपना घर कैसे चला सकती है।
इसके साथ ही वो कह रही है पिछले पांच वर्ष में बीजेपी सरकार ने कुछ भी नहीं किया। महिला के इस सवाल पर राजनाथ सिंह ने कहा कि वो चुपचाप अपनी जगह पर बैठ जाए। दरअसल, महिला सैलरी बढ़ाने की मांग कर रही थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बाद में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने उस महिला को बुलाया और उससे बातचीत की। इसके अलावा उनके भाषण के दौरान अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के मुद्दे पर हंगामा भी किया।
युवा कुंभ के एक कार्यक्रम में वो लोगों को संबोधित कर रहे थे। भाषण के दौरान उन्होंने कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण से रोक नहीं सकती है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि बीजेपी की मंशा के प्रति किसी को संदेह नहीं होना चाहिए।
गृहमंत्री राजनाथ सिंह दिवंगत पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की याद में विकास कार्यों से जुड़ी 158 परियोजनाओं का उद्घाटन कर रहे थे। इसके साथ ही 418 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखने के बाद उन्होंने कहा कि सबका साथ और सबके विकास में बीजेपी यकीन करती है। कुछ लोग निहित स्वार्थ की वजह से बीजेपी का विरोध करते रहते हैं।

0 Comments