देहरादून...
पुडुचेरी की राज्यपाल किरण वेदी के ट्वीटर हैंडल से निकली दो तस्वीरें सोशल मीडिया पर चर्चा तो बटोर ही रही हैं, यूजर्स तस्वीर और उनमें नजर आ रहे शख्य की जमकर तारीफें भी कर रहे हैं। जितनी महत्वपूर्ण इन तस्वीरों की खबर है, उससे कहीं अधिक इन तस्वीरों में नजर आने वाला व्यक्ति है। वो ऐसे शख्स हैं, जिनकी अपनी खास पहचान है। इन तस्वीरों को गौर से देखें। देखने के बाद शख्स की शख्सियत के बारे में जानना भी बेहद जरूरी है। खासकर उन नेताओं के लिए जो सफेदी लिए चमकदार कुर्ते पहनने के बाद काम करने का सिंबोलिक फोटो सेशन करते हैं।

आमतौर पर नेता लोग दिखावे के लिए हाथ में झाड़ू लिए नजर आ जाते हैं। उनका दामन तो मैला होता है, लेकिन उनके सफेद कुर्ते पर कोई दाग नहीं होता है। अगर गौर से देखेंगे तो, कमलाकनन की तस्वीरें आपको बिल्कुल भी दिखावे वाली नहीं लगेंगी, वास्तव में हैं भी नहीं। तस्वीरों में मंत्री जी केवल लुंगी में दिख रहे हैं और पूरे मिट्टी से सने नजर आ रहे हैं। पुडुचेरी की राज्यपाल किरण बेदी ने शेयर करते हुए लिखा, अंदाज लगाइए कौन हैं ये? ये हैं पुडुचेरी के आदरणीय कृषि मंत्री. श्री कमलाकनन.. एक सच्चे किसान।
पुडुचेरी की राज्यपाल किरण बेदी ने पुडुचेरी कृषि मंत्री आर कमलाकनन की खेती करते हुए तस्वीरें सोशल मीडिया पर अपलोड की थी। कमलाकनन धान की बुवाई के लिए पानी भरे खेत में फावड़ा चलाते तो दूसरे में हाथ धान की पौध लिए दिख रहे हैं। तस्वीरें 29 अक्टूबर को अपने ट्विटर अकाउंट पर शेयर की, जिसके बाद ये तस्वीर वायरल हो गई। आर. कमलाकनन पुडुचेरी की थिरुनल्लार विधानसभा से कांग्रेस के विधायक हैं।
कृषि के अलावा उनके पास बिजली, शिक्षा, सैनिक वेलफेयर और सामुदायिक विकास मंत्रालय भी हैं। कमलाकनन एक किसान परिवार से आते हैं, मंत्री बनने के बाद भी उन्होंने किसानी को नहीं छोड़ा है। द हिंदू के मुताबिक, कमलाकनन के खेतों में पिछले याल धान की फसल कम हुई थी, जिससे वो खुश नहीं थे। उन्होंने मंत्रालय के काम से छुट्टी लेकर बीते रविवार को अपने खेतों में पहुंचे और खुद ही खेत तैयार किया। ऐसी शख्सियतों से सभी को प्रेरणा लेनी चाहिए। उत्तराखंड के उन नेताओं को जरूर ध्यान देना चाहिए, जो पहाड़ को पूरी तरह बर्बाद कर देहरादून में बस जाना चाहते हैं।
0 Comments