देहरादून: उत्तराखंड नगर निकाय चुनाव में मेयर और अध्यक्ष पद की सीटों पर देर रात तक जारी मतगणना के बाद परिणाम जारी कर दिए गए हैं। इनमें भाजपा ने सबसे ज्यादा सीटों पर कब्जा जमाया। हल्द्वानी में जोगेंद्र रौतेला ने एक बार फिर जीत हासिल की। इस बार उन्होंने नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश के बेटे सुमित हृदयेश को हराया। कांग्रेस के खाते में 24 सीटें आई हैं। देहरादून में भाजपा और हरिद्वार कांग्रेस ने जीत हासिल की है।
निर्दलियों ने वार्ड मेंबरों के लिए तो दम दिखाया ही। नगर पंचायत और नगर पालिका अध्यक्ष पदों पर भी मजबूती से खुद को साबित किया है। निदैलियों ने अध्यक्ष की 23 सीटों पर जीत हासिल की है। जबकि बसपा ने एक सीट पर कब्जा किया लेकिन आप, सपा और क्षेत्रीय पार्टी उक्रांद का सूपड़ा साफ हो गया।
मेयर की 7 सीटों में से देहरादून, काशीपुर, ऋषिकेश, रुद्रपुर, कोटद्वार और हल्द्वानी सीटों के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इसमें पांच सीटों देहरादून, ऋषिकेश, काशीपुर, रुद्रपुर और हल्द्वानी में भाजपा का परचम लहराया। जबकि पहली बार अस्तित्व में आए कोटद्वार नगर निगम में कांग्रेस की हेमलता नेगी पहली मेयर चुनी गई। इसके साथ ही प्रदेश में वार्ड मेंबर की 1064 सीटों के भी परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।
निर्दलियों की जीत ने प्रदेश की राजनीति को बदलाव की ओर लेजाने के संकेत दिए हैं। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा-कांग्रेस के लिए अच्छे संकेत नहीं हैं। प्रदेश में लोग भाजपा-कांग्रेस से पूरी तरह परेशान हो चुके हैं। दोनों ही दल बारी-बारी सत्ता पर कब्जा जमाते हैं, लेकिन इस बार जनता ने निर्दलियों पर भरोसा कर दलों को फिलहाल यह तो बता ही दिया है कि जनता को हल्के में नहीं लिया जा सकता।

0 Comments