रूद्रप्रयाग: भगवान शंकर के 12 ज्योतिर्लिंगों में ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग केदारनाथ धाम के कपाट परंपरानुसार भैयादूज के पावन पर्व पर आज प्रातः 8.30 बजे शीतकाल के लिए बंद हो गए हैं। कपाट बंद करने की प्रक्रिया ब्रहममुहूर्त में सुबह साढ़े पांच बजे शुरू हुई। पहले धाम यमुनोत्री के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। द्वितीय केदार भगवान मद्महेश्वर के कपाट 22 नवंबर को बंद होंगे, जबकि तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ के कपाट पहले ही 29 अक्तूबर को विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद किए जा चुके हैं।
बाबा की पंचमुखी चल बिग्रह डोली केदारनाथ धाम से अपने पंच गद्दीस्थल ऊखीमठ के लिए रवाना हो चुकी है। सेना के बैंड की धुनों और हजारों श्रदालुओं के साथ पहले पड़ाव पर रामपुर पहुंचेगी। जहां, ग्रामीण बाबा की चल बिग्रह डोली का भव्य स्वागत करेंगे।
दूसरे दिन चल बिग्रह डोली रामपुर से काशीविश्वनाथ मंदिर गुप्तकाशी पहुंचेगी। तीसरे दिन बाबा की डोली ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में बिराजमान होगी। शीतकाल में 6 माह के लिए बाबा की पूजा इसी मंदिर में होगी।
गंगोत्री धाम के कपाट एक दिन पहले अन्नकूट पर्व पर बंद हो चुके हैं। आज मां यमुना के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद हो जायेंगे। मां यमुना की पूजा अगले छह माह के लिए शीतकालीन प्रवास खरसाली में होगी। खरसाली गांव को मां यमुना का मायका भी कहा जाता है। यहां उनके भाई शनिदेव का मंदिर भी स्थित है।


0 Comments