लखनऊ: लखनऊ में विवेक तिवारी हत्याकांड के दागों से घिरी यूपी पुलिस की वर्दी पर एक और दाग लगा है। ऐसा दाग जो पुलिस के लिए तो बदनुमा है ही, उस दाग ने योगी सरकार को भी दागदार बना दिया। सरकार को इस पूरे मामले के बाद बैकफुट पर आना पड़ा था। मगर, अभी मामला शांत नहीं हुआ है। यूपी में कई पुलिस वाले गुंडे बगावत पर उतर आए हैं। पुलिस के जवानों की काली बंधी तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आ रही हैं। ये तस्वीरें पुलिस महकमें के लिए खासी चिंताजनक हो सकती हैं, पुलिस के आला अधिकारियों ने भी बगावती पुलिसकर्मियों को गंभीरता से लेना शुरू कर दिया है। बगावत करने वालों की पहचान की जा रही है। एटा में तैनात एक जवान को बर्खास्त भी कर दिया गया है।

विवेक तिवारी हत्याकांड में आरोपी सिपाही प्रशांत और संदीप के पक्ष में सोशल मीडिया पर यूपी पुलिस के जवान मुहिम चला रहें हैं। मीडिया रिपोर्टों की मानें तो इनमें ज्यादातर वो पुलिस कर्मी हैं, जिनकी वर्दी पहले से ही दागदार है। ऐसे जवान हैं, जो आपराधिक मामलों में या तो अनुशासनात्मक कार्रवाई झेल रहे हैं या फिर बर्खास्त हैं। एप्पल कंपनी के एरिया मैनेजर विवेक तिवारी की हत्या के आरोप में सिपाही प्रशांत चैधरी की गिरफ्तारी के बाद से यूपी पुलिस बागी तेवर में है। कभी प्रशांत के परिवार के लिए पैसे जुटाने की मुहिम चला रही है, तो कभी काली पट्टी बांध कर प्रशांत चैधरी की गिरफ्तारी का विरोध कर रही है। इतना ही नहीं पुलिस विभाग में विद्रोह की भी धमकी दी जा रही है, जिसके बाद डीजीपी ने ऐसे पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
पुलिस अफसरों की मानें तो विवेक तिवारी हत्याकांड में हत्यारोपी सिपाहियों के समर्थन में मुहिम के पीछे कुछ फर्जी संगठन हैं, जो सिपाहियों के नाम पर बनाए गए हैं। सभी संगठन ऐसे पुलिसकर्मी चलाते हैं, जिनको नौकरी से बर्खास्त किया गया है। पुलिस ने ऐसे लोगों के खिलाफ हजरतगंज कोतवाली में भड़काऊ बयानबाजी, आइटी एक्ट और कई दूसरी धाराओं में केस दर्ज किया है। इसी मामले में एटा में तैनात 2011 बैच के सिपाही सर्वेश चैधरी को निलंबित कर दिया गया।
उधर, यूपी पुलिस ने लखनऊ की घटना के बाद सिपाहियों की ट्रेनिंग की कवायद शुरू हो गई है। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओम प्रकाश सिंह ने लखनऊ विवेक तिवारी हत्याकांड के लिए पेशेवर प्रशिक्षण की कमी को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि सूबे के सिपाहियों के लिये ‘रीफ्रेशर कोर्स’ चलाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा था कि हत्या के आरोपी दोनों पुलिसकर्मी राज्य पुलिस के कोई ब्रांड एम्बेसडर नहीं हैं। हम ‘ट्रिगर हैप्पी’ नहीं बल्कि लोगों के मित्र हैं।
0 Comments