नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने शनिवार को पांच राज्यों में वोटिंग की तारीखों का ऐलान कर दिया है. 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले होने वाले पांच राज्यों के चुनावों को सेमीफाइनल माना जा रहा है. बीजेपी और कांग्रेस समेत अन्य दल इन चुनावों में जीत के दावे कर रहे हैं. गठबंधन का दौर भी जारी है. राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश को लेकर लोगों में खास दिलचस्पी है. इन तीनों ही राज्यों में भाजपा की सरकार है. लोकसभा चुनाव की तैयारियों को परखने का भी यह एक बड़ा मौका है.
पांचों राज्यों में चुनाव परिणामों और सरकारों के गठन को लेकर सी-वोटर ने एक सर्वे किया है. सी-वोटर के सर्वे के अनुसार राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में बीजेपी सत्ता से आउट होने वाली है. सर्वे के मुताबिक राजस्थान में कांग्रेस सरकार बनाती दिख रही है. राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों में से बीजेपी को सिर्फ 56 सीटें मिलने का अनुमान है, जबकि कांग्रेस को 142 सीटें मिल सकती हैं.
छत्तीसगढ़ में बीजेपी और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर है. छत्तीसगढ़ की 90 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस को 47 और बीजेपी को 40 और अन्य को 3 सीटें मिल सकती हैं. वोट शेयर में भी कांग्रेस बाजी मार सकती है. मध्य प्रदेश की बात करें तो यहां शिवराज सिंह चैथी बार सरकार बनाते नहीं दिख रहे हैं. सी-वोटर के मुताबिक मध्य प्रदेश में बीजेपी को 108 और कांग्रेस को 122 सीटें मिलने की संभावना है, जबकि अन्य के खाते में एक भी सीट नहीं जाती दिख रही है. वोट शेयर में भी कांग्रेस बाजी मारती नजर आ रही है। सी-वोटर ने ये सर्वे अगस्त के आखिरी हफ्ते से लेकर सिंतंबर के आखिरी हफ्ते के दौरान किया है.
जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव की घोषणा की गई है, उनमें राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मिजोरम और तेलंगाना शामिल हैं. शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ओम प्रकाश रावत ने इन पांच राज्यों में चुनाव की तारीखों का ऐलान किया. राजस्थान, मध्य प्रदेश, मिजोरम और तेलंगाना में एक चरण में चुनाव होंगे, जबकि छत्तीसगढ़ में दो चरणों में चुनाव होंगे. सभी राज्यों के विधानसभा चुनाव के लिए 11 दिसंबर को मतगणना होगी और इसी दिन नतीजे आएंगे.

0 Comments