प्रदीप रावत (रवांल्टा)
मंझली पंचायत का चुनावी रण शुरू हो चुका है। खाली चुनावी मैदान में जुबानी जंग के घोड़े दौड़ाने की तैयारी चल रही है। लोगों को ठगने का अभ्यास किया जा रहा है। फिर से नाते-रिश्ते याद आने लगे हैं। महीनों, साल बाद अब उन रिश्तेदारों के घरों के चक्कर भी लगने जा रहे हैं, जिनके घर जाने में स्टेटस कमजोर पड़ जाता था और जनाब की टांगे उस दिशा में बढ़ ही नहीं पाती थी। अब टांगों में अचानक से कुर्सी की ताकत दौड़ आई। लकवा मार चुके पैरों में बिजलियां दौड़नी लगी हैं। पलायान कर चुके नेता अब शहरों से चुनावी रिवर्स माईग्रेशन करने लगे हैं। सुना है शहर से वो जनता को बेवकूफ बनाने की कला सीखकर आए हैं।
नोटबंदी के बाद कुछ समय के लिए देहरादून, हल्द्वानी, हरिद्वार और ऋषिकेश में प्रोपर्टी का धंधा कुछ मंदा पड़ गया था। इस बात का जिक्र इसलिए कि अपने पहाड़ी नेता प्रोपर्टी में माल कमाने के लिए शहरों की ओर रुख कर लेते हैं। एक-दो चक्कर अपनी नगर पांचायत या नगर पालिका का चक्कर कभी-कभार लगा लेते हैं। शहर में प्रोपर्टी से कमाए नोटों के दम पर 10-12 गुर्गे टाइप लौंडों को तैयार कर लेते हैं। उनको हर त्योहार में पोस्टर चिपकाने की जिम्मेदारी दी गई होती है। इधर, कोई त्योहार आया...उधर, गले में मोटी चेन, काला चश्मा और फोटोशाॅप से चमचमाता चेहरा...पोस्टर से कुटिल मुस्कान लिए नजर आने लगते हैं।
चुनावी रण का एलान हो चुका है...अब आपको इस तरह के पोस्टर आसानी से नजर आने लगेंगे। जिन लोगों ने कभी किसी को दुआ-सलाम नहीं किया...पोस्टरों में उनके हाथ सलीके से नमस्कार की मुद्रा में नजर आते हैं। कुछ की तो फोटो से ही नजर आ जाता है कि बंदा पक्का देहरादून, ऋषिकेश या हरिद्वार में खूब जमीनें बेचकर आया होगा। हाथों की अंगुलियों पर कई तरह के नगों की अंगूठियां और गले में सोने की मोटी चेन से अंदाजा लग जाएगा कि पक्का मोटी प्रोपर्टी बेचने वाला होगा या फिर मोटा ठेकेदार...।
बेचारी जनता और रात-दिन जनता के काम आने वाले छोटे-मोटे नेता टाइप बंदे इन चुनावी रिवर्स माइग्रेशन वालों से मार और मात खा जाते हैं। पार्टी वाले भी फंड के चक्कर में इन्हीं रिवर्स माइग्रेशन वालों को महत्व देते हैं। कुछ ने चुनाव तक के लिए रिवर्स माइग्रेशन कर लिया है...। कुछ के परिवार कुछ दिनों के लिए अपने गांव के पास की छोटी...नगर पंचायत और नगर निगमांें में खाली पड़े घरों में लौटने लगे हैं। कुछ टिकट की जुगाड़ में अब भी देहरादून में ही डेरा जमाए हुए हैं। वो टिकट पक्का होने से पहले तक चुनावी रिवर्स माइग्रेशन का जोखिम नहीं लेना चाहते।

0 Comments