Header Ads Widget

Responsive Advertisement

ये हुंकार है...जिला तो लेकर रहेंगे

पहाड़ समाचार.com 

प्रदीप रावत (रवांल्टा)
देहरादूनः प्रदेश में चार जिलों की घोषणा कई बार हो चुकी है। हर बार सत्तासीन राजनीतिक दल जनता को बरगला देते हैं। जिले की मांग अक्सर चुनावी माहौल में ही उठती रही है। खासकर विधानसभा चुनाव के आसपास। इस बार माहौल कुछ बदला हुआ है। फिलहाल कोई चुनाव नहीं हैं। हां 2019 में लोकसभा चुनाव जरूर नजदीक हैं। इन चुनावों में प्रदेश में पांच लोकसभा सीटें दांव पर होंगी। इस लिहाज से भाजपा-कांग्रेस दोनों ही दल जिलों की मांग के आंदोलन को हाईजैक करने की फिराक में हैं। कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह एलान कर ही चुके हैं, कि हम मामले को विधानसभा में उठाएंगे। सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत जिलों के गठन के संकेत दे चुके हैं। दोनों ही सत्ता और विपक्ष में बैठे दल इस मौके को भुनाकर अपनी चुनावी गणित को मजबूत करने की चाह रखते हैं। बहरहाल हमें राजनीति से अधिक अपनी जिला निर्माण की एकसूत्रीय मांग पर केंद्रित रहना है। राजनीतिक मोर्चे पर भी कदम मजबूती से जमाए रखने हैं।


इन सब बातों के बीच जो एक चीज उभरकर सामने आती है। वह है आंदोलन। इस बार का आंदोलन मुझे अब तक के सभी आंदोलनों से मजबूत और टिकाऊ नजर रहा है। बड़कोट में यमुनोत्री जिले की मांग को लेकर 20 दिनों से भूख हड़ताल और क्रमिक अंशन का सिलसिला जारी है। हर दिन मजबूती से एक बात का एलान किया जाता है कि ‘‘जिला तो हम लेकर रहेंगे’’। यही बात भरोसा और विश्वास भी जगाती है कि इस बार का आंदोलन जिले निर्माण से कम पर समाप्त नहीं होने वाला है।

जिले की मांग को लेकर जिस तरह की एकता और जोश इस बार ग्रामीणों ने दिखाया, वो उम्मीद को और मजबूर करता है। ग्रामीणों ने दूर-दूर से आकर जिला निर्माण के आंदोलन में अपनी सहभागिता निभाई। महिलाएं, बुजुर्ग सभी ने एकजुट होकर जिला निर्माण के आंदोलन को और धार देने का काम किया। 18 साल के युवा से लेकर 80 साल तक के बुजुर्ग इस आंदोलन में अपनी भागीदारी कर रहे हैं। ये बातें किसी आंदोलन को मजबूती देने के लिए जरूरी भी हैं। यमुनोत्री जिले की मांग अब दिल्ली तक भी पहुंच चुकी है। गृह मंत्री राजनाथ सिंह से मिलने से आंदोलन को राजनतिक स्तर पर मजबूती मिलना भी तय है। जिस तरह से एक के बाद एक कड़ी जुड़ती जा रही है। आंदोलन और ताकतवर होता जा रहा है, जिला निर्माण की उम्मीदों को भी उतनी ही तेजी से पंख लग रहे हैं।

जिला निर्माण की मांग 1975 से चली आ रही है। फिलहाल बात केवल उत्तरकाशी की यमुना घाटी और यमुनोत्री जिले की है। दरअसल, उत्तराकाशी जिला क्षेत्रफल की दृष्टि से सूबे का सबसे बड़ा जिला है। जिले की सीमा हिमचाल से लगी हुई। उत्तरकाशी से जिला मुख्यालय से कुछ क्षेत्रों की दूरी 200 किमी से ज्यादा तो किसी की 150 किलोमीटर है। बड़कोट से ही जिला मुख्यालय 85 से 90 किलोमीटर दूर है। लोगों को अपने रोजमर्रा के कामों के लिए जिला मुख्यालय जाने के लिए दो से तीन दिन का समय लग जाता है। कई बार तो लोगों को अपने काम के लिए सप्ताहभर तक भी जिला मुख्यालय में होटलों में रहना पड़ता है। समय तो बर्बाद होता ही है। लोगों की जेब भी हल्की होती है।

Post a Comment

0 Comments