Header Ads Widget

Responsive Advertisement

गुमशुदा '' गरिमा '' की तलाश

पहाड़ समाचार.com
प्रदीप रावत (रवांल्टा)
पिछले चार सालों से गरिमा कहीं गायब हो गई। हर कोई उसे खोजने की कोशिश कर रहा है, लेकिन कहीं कुछ पता ही नहीं चल पा रहा। चार साल हो गए। गुमशुदगी भी दर्ज कराई जा चुकी है। गरिमा फिर भी नहीं मिल पा रही। किसी ने कहा गरिमा कहीं गिर गई होगी। किसी ने कहा गरिमा अब रही ही नहीं। किसी ने कुछ तो किसी ने कुछ। अपने-अपने हिसाब से सभीने गरिमा के बारे में बताया, लेकिन ये नहीं बता पाए कि चार पहले जो गरिमा हर किसी की चहेती थी। आज उसे खोजने और चाहने वाला तक कोई नहीं। पहले तो गरिमा को हर दिन ठोकर लगती थी। वो हर किसी की जुबां पर थी। पर ना जाने अचानक से उसे क्या हो गया। पता नहीं कहां चली गई। किस गहराई में समा गई ...? 


मुझे तो लगता है कि गरिमा भी रुपये की तरह ही कहीं गिर गई होगी। रुपया भी आजकल बेचारा संभल ही नहीं पा रहा। हर रोज और तेजी से गिर रहा है। पहले जब भी रुपया गिरता था। उसके साथ प्रधानमंत्री भी गिरते थे और साथ में गरिमा भी। अब पता नहीं रुपया अकेला ही क्यों गिर रहा है। वैसे इसकी जांच तो कराई ही जानी चाहिए कि रुपये के साथ प्रधानमंत्री और गरिमा क्यों नहीं गिर रहे...? 

और तो और चार साल पहले जब भी रुपया गिरता था। टीवी से लेकर, अखबार, गली और मोहल्ले तक हर दिन प्रधानमंत्री के साथ गिरमा उठ-उठ कर गिर जाती थी। कई बार तो देश भी गरिमा के साथ गिर जाया करती थी। रुपया जब भी बेचारा होता। कमजोर और अकेला पड़ता। गरिमा की मुश्किलें बढ़ जाती थीं। उसे पता चल जाता था कि रुपया गिरने लगा है। उसे भी अब गिरना ही पड़ेगा। पता नहीं कितनी बार गिरी होगी। 

पर पिछले चार सालों में गरिमा बड़ी अहंकारी हो गई। रुपया गिरने के बाद भी नहीं गिर रही। रुपया इतना गिर चुका कि अब उसे उठाने के लिए क्रेन लगानी पड़ेगी। अब तक तो किसी ने गिरी हुए रुपये को उठाने का प्रयास भी नहीं किया। हर कोई यही कह रहा है कि अब रुपया अकेला ही गिर रहा है। उसके साथ ना तो देश गिर रहा है, ना प्रधानमंत्री और ना गरिमा। फिर चिंता किस बात की है। रुपये को गिरने दो। हमारी गरिमा नहीं गिरेगी। क्योंकि वो हमारी है और हमारी पगड़ी नहीं है। 

उस वक्त जब भी रुपया गिरा उसके साथ गरिमा भी गिरती थी। अब थोड़ा चेंज है। रुपया गिरने के साथ गरिमा तो सातवें आसमान पर है ही। तेल-पानी भी आसमान छूने को हैं। डीजल ने इतिहास दर्ज कर लिया है। पेट्रोल शतक लगाने को तैयार है। आटा-चावल का भाव हर दिन पता चल रहा है। नमक भी अब फीका जैसा होने लगा है। चीनी की मिठास हाफ सेंचुरी मार चुकी है। गरिमा फिर भी नहीं गिर रही। ये किसी के समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर वो गरिमा कहां गई, जो चार साल पहले तक हर दिन गिर जाती थी। अब मिल ही नहीं रही। पता नहीं कहां-कहां खोज दिया। आपको मिले तो मुझे भी बता दीजिएगा कि गरिमा मिल गई है...।

Post a Comment

0 Comments