Header Ads Widget

Responsive Advertisement

पीएम मोदी के भाषण की कुछ खास बातें

पहाड़ सामाचार.com
नई दि‍ल्‍ली : देश में बढ़ी करदाताओं की संख्याः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा, 'ईमानदार करदाता को मैं कहना चाहता हूं कि जब आप परिवार के साथ खाना खाते हैं तो समझिए उसी समय 3 गरीब परिवार भी खाना खा रहे हैं. इसका पुण्य आपको मिलता है. जो ईमानदार व्यक्ति कर देता है उसी से ये योजनाएं चलती हैं. इनसे जो पुण्य मिलता है वो आपको मिल रहा है.' देश में टैक्स न भरने की हवा बनाई जा रही है. जब ईमानदार करदाता को पता चलता है कि उसके कर से गरीब का पेट भर रहा है तो इससे ज्यादा पुण्य का काम क्या हो सकता है. देश ईमानदारी का उत्सव लेकर चल रहा है. साल 2013 तक डायरेक्ट टैक्स देने वालों की संख्या 4 करोड़ से भी कम थी आज डायरेक्ट टैक्स देने वालों की संख्या है पौने सात करोड़ तक पहुंच गई है ये ईमानदारी का जीता जागता उदाहरण है.


लोगों के मन में भरोसा पैदा करना बड़ा दायित्वः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि गरीबों के लिए योजनाएं तो बहुत बनती हैं लेकिन बिचौलिए उसमें से खा जाते हैं, जिससे गरीब तक लाभ नहीं पहुंचता था. उन्होंने कहा, 'गरीब तक योजनाओं का लाभ न पहुंचे तो सरकारें आंखें मूंद कर नहीं बैठ सकतीं और मैं तो कतई नहीं बैठ सकता. लोगों के मन में भरोसा पैदा करना बड़ा दायित्व है.' पीएम ने कहा कि बिचौलियों के सफाई अभियान में लगे हैं. उन्होंने कहा कि 6 करोड़ लोग ऐसे थे, जिनके फर्जी नामों से सरकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा था. सरकार ने इसे रोका है. इस तरह करीब 90 हजार करोड़ रुपये हमने बचाकर देश की तिजोरी में पहुंचाए हैं.मोदी ने कहा, 'ये गरीब की गरिमा के लिए काम करने वाला देश है. ये बिचौलिए क्या करते थे. गेहूं 24-25 का है तो सरकार 2 रुपये में पहुंचाती है. 30-32 के चावल को 3 रुपये में राशनकार्ड धारक तक पहुंचाती है. ये बिचौलिए फर्जी नामों से कारोबार चलाकर अनाज लूट कर माल कमाते थे. जब गरीब राशन की दुकान पर जाता था तो उसे सामान नहीं मिलता था. हमने इसे रोका. अब देश के कोटि-कोटि गरीबों को 2 रुपये, 3 रुपये में खाना मिल रहा है.'

25 सितंबर से देश में लॉन्च होगी प्रधानमंत्री आरोग्य योजना
पीएम मोदी ने कहा कि जब उन्होंने स्वच्छता अभियान की शुरुआत की थी, तो लोगों ने उसका मजाक उड़ाया था. उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान के कारण ही करीब 3 लाख बच्चों की जान बची है. पीएम ने कहा कि भारत सरकार ने प्रधानमंत्री जन आरोग्य अभियान शुरू करने का फैसला किया है. पीएम ने ऐलान करते हुए कहा कि 25 सितंबर से देशभर में प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना लागू हो जाएगी. इस योजना से 10 करोड़ परिवारों को लाभ मिलेगा. योजना के तहत हर परिवार को 5 लाख सालाना का बीमा मिलेगा.

2022 से पहले अंतरिक्ष में पहुंचेगा भारतीयः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने इस मौके पर कहा, 'आज मेरा सौभाग्य है कि इस पावन अवसर पर मुझे देश को एक और खुशखबरी देने का अवसर मिला है. साल 2022, यानि आजादी के 75वें साल में और संभव हुआ तो उससे पहले ही, भारत अंतरिक्ष में तिरंगा लेकर जा रहा है.' मोदी ने कहा कि 2022 में जब आजादी के 75 साल होंगे, तब या उससे पहले देश का कोई भी बेटा या बेटी अतंरिक्ष में हाथ में तिरंगा लेकर जाएगा. चाहे चांद हो या मंगल अब हम मानवसहित गगनयान लेकर जाएंगे. ये पूरी तरह से मेड इन इंडिया होगा. पीएम मोदी ने कहा, 'हम मक्खन पर नहीं, पत्थर पर लकीर खींचने वाले लोग हैं.'

लालकिले से देश को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी
  • आज हम दिव्यांग भाइयों-बहनों के लिए कॉमन साइन डिक्शनरी पर काम कर रहे हैं. आज सेना में इतना दम है कि वह सर्जिकल स्ट्राइक करती है. उन्होंने कहा कि हमें बड़े लक्ष्यों को लेकर आगे चलना होगा. किसानों को मिलने वाली एमएसपी बढ़ गई. जीएसटी लागू किया गया, शुरू में थोड़ी कठिनाइयां आने के बाद भी छोटे व्यापारियों ने इसे स्वीकार किया. हमारी सरकार ने बेनामी संपत्ति कानून और OROP जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए. आज पुरानी दुनिया भारत को उम्मीद की नजरों से देख रही है. आज ईज ऑफ डूइंग बिजनेस में देश की अच्छी रैंकिंग है. आज हर कोई भारत की रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म नीति की तारीफ कर रहा है. आज दुनिया कह रही है कि सोया हुआ हाथी अब जग चुका है और दौड़ने के लिए तैयार है.

  •  हमारे लिए देशहित सर्वोपरि हैः पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि हम कड़े फैसले लेने का सामर्थ्य रखते हैं क्योंकि देशहित हमारे लिए सर्वोपरि है, दलहित हमारे लिये मायने नहीं रखता है. उन्होंने कहा कि जब हौसले बुलंद होते हैं, देश के लिए कुछ करने का इरादा होता है तो बेनामी संपत्ति का कानून भी लागू होता है. पीएम मोदी ने कहा कि 2014 से पहले दुनिया की गणमान्य संस्थाएं और अर्थशास्त्री कभी हमारे देश के लिए क्या कहा करते थे, वो भी एक जमाना था कि जब कहा जाता था कि हिंदुस्तान की इकॉनोमी बड़ी रिस्क से भरी है और आज वही लोग हमारे रिफॉर्म की तारीफ कर रहे हैं.

चार साल में देश ने बदलाव महसूस किया हैः पीएम मोदी
मोदी ने कहा कि पिछले चार सालों में देश ने बदलाव महसूस किया है. उन्होंने कहा कि आज देश में शौचालय बनाने, गांव में बिजली पहुंचाने, गरीबों को एलपीजी गैस कनेक्शन देने, ऑप्टिकल फाइबर बिछाने की रफ्तार सबसे तेज हुई है. उन्होंने कहा कि अगर देश साल 2013 की रफ्तार से चलता तो ऐसा करने में दशकों लग जाते. पीएम ने कहा कि देश, व्यवस्था, अधिकारी, लोग सब वही हैं लेकिन आज देश बदलाव महसूस कर रहा है. आज देश में दोगुनी रफ्तार से हाइवे बन रहे हैं वहीं चोगुनी रफ्तार से गांव में घर बना रहे हैं.

2014 में लोगों ने सरकार नहीं बनाई, देश बनाया हैः पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2014 में लोगों ने सिर्फ नई सरकार नहीं बनाई है, बल्कि उन्होंने देश को बनाने का काम किया है. पीएम ने कहा कि आज देश में 125 करोड़ हिंदुस्तानी नया देश बनाने में जुटे हैं. उन्होंने कहा कि हमें ये देखना होगा कि हम कहां से चले थे और कहां पर पहुंचे, ये हमें देखना होगा. मोदी ने कहा अगर हम 2013 को इसका आधार मानें और अगर 2014 के बाद से देश की रफ्तार देखें तो आपको हैरानी होगी.

दुनिया में देश की धमक हो, हम ऐसा हिंदुस्तान बनाना चाहते हैंः PM मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि आने वाले वक्त में भारत दुनिया को नया रास्ता दिखाएगा. उन्होंने कहा कि हम सामर्थ्यवान हिंदुस्तान बनाना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि पूरी दुनिया में हिंदुस्तान की साख और धमक हो. पीएम मोदी ने तमिल कवि सुब्रमण्यम भारती की एक कविता का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने लिखा था कि भारत न सिर्फ एक महान राष्ट्र के रूप में उभरेगा बल्कि दूसरों को भी प्रेरणा देगा. पीएम मोदी ने कहा, "उन्होंने कहा था- भारत पूरी दुनिया को हर तरह के बंधनों से मुक्ति पाने का रास्ता दिखाएगा."

पीएम मोदी ने स्वतंत्रता सेनानियों को किया याद
पीएम मोदी ने स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए कहा कि देश को आजादी ऐसे ही नहीं मिली. इसके लिए बापू के नेतृत्व में अनेक क्रांतिकारियों, नौजवानों ने अपनी जवानी जेल में काटी. पीएम मोदी ने कहा कि अगले साल जलियांवाला बाग कांड को 100 साल पूरे हो रहे हैं, ऐसे में हम उन सभी शहीदों को नमन करते हैं.

भारत विश्व की छठी अर्थव्यवस्था बनाः पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज हर भारतीय इस बात का गर्व कर रहा है आज हम दुनिया की छठीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है. पीएम मोदी ने कहा कि देश की आजादी के लिए कई महापुरुषों ने अपनी जान दी है, मैं उन सभी को नमन करता हूं. पीएम ने इस दौरान देश के सभी जवानों को सलाम किया और देश की सेवा के लिए उनका धन्यवाद किया. प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश में कई जगह अच्छी बारिश हो रही है, लेकिन कई जगह बाढ़ के हालात हैं. जहां पर भी मुसीबत है वहां सरकार सहायता कर रही है.

पीएम ने अपने भाषण में किया सदन के मॉनसून सत्र का जिक्र
पीएम ने अपने भाषण में सदन के मॉनसून सत्र का जिक्र किया. उन्होंने कहा, 'ससंद का यह सत्र सामाजिक न्याय को सर्मपित रहा.' मोदी ने कहा कि अभी-अभी संसद के दोनों सदनों के सत्र खत्म हुए हैं, हमारी कोशिश है कि सदन से हमने देश में सामाजिक व्यवस्था के न्याय को आगे बढ़ाने का काम किया है. ओबीसी आयोग को हमने संवैधानिक दर्जा देकर उन्हें बराबरी का हक दिया है.

Post a Comment

0 Comments