Header Ads Widget

Responsive Advertisement

मंत्री-वि‍धायक बोले अभी प्‍लेन में हैं, सि‍ग्‍नल नहीं आ रहा

प्रदीप रावत (रवांल्टा)
ठीक है। जाओ सात समंदर पार जाओ या आठ समंदर। हमारा तो जा रहा है पर तुम्हारा क्या जा रहा है। मैट्रो रेल की जानकारी लेंगे बल...। सरकार से बोलो अधिकारियों को छुट्टी भेज दो बल...। अब विधायक और मंत्री ही देश-विदेश में जाएंगे। चलो मान भी लेते हैं कि विधायक और मंत्री ट्रेनिंग पर अरे वही जानकारी जुटाने...विदेश चले भी जाएं। पर आज तक ये समझ में नहीं आया कि ये वहां करते क्या होंगे..? ये आज तक रहस्य बना हुआ है कि विदेश जाने वाले मंत्री और विधायक वहां से क्या सीखकर आते होंगे...? जिसको देखो फलां देश की तर्ज पर बनाएंगे, अलां देश के फलां शहर की तर्ज पर बनाएंगे। ठीक है गुरु पर बनाएंगे कब...? विधायक जी के चेले को फोन किया। बता रहा था...विधायक जी तो सात समंदर पार चले गए। मैंने पूछा वहां क्या करेंगे। बंदे ने खट से कह दिया मैट्रो लेने गए हैं। देखना वापस आने के बाद ऋषिकेश-देहरादून के बीच चलाएंगे...। 
भाजपा के हिसाब से टाॅलरेंस वाली कांग्रेस हो या मेरी हिसाब से नाम की जीरो टाॅलरेंस वाली भाजपा सरकार। सबके मंत्री विधायकों ने विदेशों की खूब सैर की, पर किसी निर्भागी ने आज तक उस रहस्य से पर्दा नहीं उठाया कि पिछले 18 साल से विदेशों से जो सीखकर आए थे, वो कहां रखा है। हमारे विलायती महाराज और कारोबारी मंत्री जी। जिनके नाम के साथ ही अब जीवन भर के लिए शहरी जुड़ चुका है। अब चाहे किसी गांव में बस जांए रहेंगे शहरी ही। 
महाराज जी पर्यटन की कई योजनाएं बनाने के बहाने यूरोप, फ्रांस, जर्मनी और पता नहीं कहां-कहां की यात्राएं कर आए। जब भी वापस आते हैं। मीडिया के सीधे और भोले लोगों के सामने सबकुछ उड़ेल देते हैं। हमने ये देखा, वो देखा। हम ये करेंगे, वो करेंगे। पर आज तक पता नहीं चल पाया कि क्या करेंगे...? जो पिटारा लाया था, उसकी आजतक सील भी नहीं खुली। इधर, शहरी साबह अरे अपने शहरी विकास मंत्री जी। कभी अधिकारियों को भेजते हैं, कभी खुद ही चक्कर मारकर आ जाते हैं। स्मार्ट सिटी कस सपना अभी उनको आधा ही आया है, जो सीखकर आए थे। उसे वापस आते-आते भूल गए। और हां अपने तो सीएम साबह भी थाईलैंड की ऐतिहासिक यात्रा से इतिहास रचकर सकुशल लौट आए थे...पता है न आपको...?
अधिकारियों की तो मौज हो रही है। ओ तो मौको खोजते हैं कि कब बनाएं मंत्री जी प्रोग्राम और कब लगे विदेश का टूर। पर असल बात ये है कि मंत्री जी को विदेश का आइडिया साहब ही देते हैं। चलो साबह चले चलते हैं। मंत्री जी और विधायक जी को थोड़े पता कि किस देश में क्या है और क्या नहीं...? उनको तो अपना उत्तराखंड ही नजर नहीं आता। वहां के बारे में ही पता नहीं कि कहां क्या हो रहा है। जो कुछ हो भी रहा है वो बस फाइलों में ही हो रहा है। विकास तो पूरी तरह पागल हो चुका है। जब देखो लोगों को सींग मारता फिर रहा है। अरे भाई हमें बचाओ ऐसे विकास से। और नौकरियों तो संभाली नहीं जा रही। 
हमारी सड़कें बिल्कुल टिप-टाॅप हैं। मैट्रो का सापना काहे दिखा रहे हैं साबह। टूटी-फूटी सड़क को ठीक कर दीजिए। आजकल बारिश हो रही है। कसम से आॅफिस पंहुचते-पंहुचते नाश्ता नीचे खिसक आता है। जरा सा पानी जमा हो जाए तो पता ही नहीं चलता कि किसी गड्ढे में गोता लगाना पड़ जाए। हालत ये हो रखी है कि अब खबरों से ज्यादा सड़क के गड्ढों को याद करने में ही दिमाग खपाना पड़ रहा है। तब भी तो ये सब निकला आता है...। 


Post a Comment

0 Comments