Header Ads Widget

Responsive Advertisement

विशेष : तीन तलाक से ‘‘सख्ती’’ का तलाक

पहाड़ समाचार.com
प्रदीप रावत (रवांल्टा)
देश में वोटरों को रिझाने के लिए सरकारें और राजनीति‍क दल कुछ न कुछ दावे करती रहती हैं। सरकारें चाहे जो भी रही हों, सबने अपने-अपने तरीके से वोटों को भुनाने की ही कोशिश की है। रजीव गांधी के काल में शायरा बानो केस के बाद छिड़ी तीन तलाक की बहस और उस सुप्रीम कोर्ट के आदेशों को अध्यादेश लाकर कुचल दिया गया था। वर्तमान सरकार में भी तीन तलाक की बहस संयोग से सायरा बानो नाम की महिला से ही शुरू हुई। खास बात यह रही कि सायरा बानो उत्तराखंड के काशीपुर की हैं। भाजपा सरकार ने तीन तलाक को लेकर सख्त कानून बनाने का दावा किया। खूब प्रचार भी किया, लेकिन तीन तलाक बिल को राज्यसभा में पेश करने से पहले ही सरकार ने उसमें संशोधन कर, मजिस्ट्रेट स्तर से जमानत देने के विकल्प को जोड़ दिया। कुलमिलाकर तीन तलाक को लेकर जिस सख्ती को लेकर सरकार वाहवाही लूट रही थी, उसका बिल के काननू बनने से पहले ही बिल से तलाक हो गया। 
राज्यसभा में विपक्ष का समर्थन हासिल करने के लिए सरकार ने ट्रिपल तलाक बिल पर जमानत देने का विकल्प जोड़ दिया है। अब शुक्रवार को ट्रिपल तलाक बिल को राज्यसभा में पेश किया जाएगा। अब ट्रिपल तलाक गैर-जमानती अपराध ही रहेगा लेकिन मजिस्ट्रेट इसमें जमानत दे सकते हैं। पहले इसका विकल्प नहीं था। इसके अलावा पीड़िता के रिश्तेदार को भी शिकायत दर्ज कराने का अधिकार होगा। लेकिन, सजा तीन साल ही रहेगी, इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। दरअसल, इस बदलाव में भी दोनों दलों को केवल वोट ही नजर आ रहे हैं। कांग्रेस इसे अपना प्रभाव दिखाकर प्रचारित करेगी, जबकि भाजपा मुस्लिम संगठनों की मांग को मानने की बात प्रचारित कर वोटों को अपने पक्ष में करने की रणनीति पर काम करेगी। 
पिछले साल अगस्त में सुप्रीम कोर्ट ने ट्रिपल तलाक पर 6 महीने के लिए रोक लगा दी थी और केंद्र सरकार से कहा था कि वो 6 महीनों के अंदर ट्रिपल तलाक पर कानून लेकर आए। 2017 में संसद शीतकालीन सत्र के दौरान 28 दिसंबर 2017 को लोकसभा में ‘‘द मुस्लिम विमेन (प्रोटेक्शन एंड राइट्स ऑन मैरेज) बिल 2017’’ पारित भी हो गया था। इस बिल के तहत एक बार में ट्रिपल तलाक देने पर पति को तीन साल तक की सजा का प्रावधान है।
लोकसभा ने तो इसे पारित कर दिया था लेकिन पिछले सत्र में बिल राज्यसभा में भेजा गया और वहां विपक्ष की ताकत ज्यादा है, इसलिए वहां ये पास नहीं हो सका था. कांग्रेस समेत पूरे विपक्ष ने बिल में कई खामियां बताते हुए इसे सिलेक्ट कमेटी को भेजे जाने की मांग की थी, लेकिन सरकार इसके लिए तैयार नहीं हुई। महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव ने कहा है कि अगर सरकार ट्रिपल तलाक विरोधी बिल में महिला के लिए गुजारा भत्ता देने का प्रावधान करती है, तो कांग्रेस इस विधेयक का समर्थन जरूर करेगी। 
जमानत की बात को जोड़ना भी विरोध के कारण ही हुआ है। दरअसल, बिल को लेकर मुस्लिम पर्सनल लाॅ बोर्ड से लेकर देश के तमाम मुस्लिम संगठनों ने इसका विरोध किया था। 2019 में भी ज्यादा समय नहीं है। ऐसे में सरकार ने मुस्लिम संगठनों के दबाव और कांग्रेस के विरोध का तोड़ निकाला। इसे सरकार का एक तीर से दो निशाने वाली बात भी माना जा सकता है। एक तरफ सरकार ने कांग्रेस और दूसरे राजनीतिक दलों के विरोध को कम करने का काम किया, जिसका उनको राज्यसभा में लाभ मिलेगा। दूसरी ओर नाराज मुस्लिक संगठनों को कुछ खुश करने का अवसर भी हाथ लग गया। 

Post a Comment

0 Comments