Header Ads Widget

Responsive Advertisement

हरदा के आम, चीकू, मुंगरी वाह मजा आ गया


प्रदीप रावत (रवांल्टा)
धन्य हैं हरदा। महान हैं। ये बात अलग है कि लोग पता नहीं क्या-क्या बालते हैं। गिच्चे (मुंह) के बाप का क्या जाता है, बोल देता है, जो आए मुंह पर बक दिया। पर चाहे जो भी हो, हरदा हैं कमाल के। बोलते हैं नेतागिरी नहीं करूंगा और कर भी देते हैं। कुछ दिनों के लिए अज्ञांतवास में जाने के बाद अचानक से प्रकट हो जाते हैं। और खट से पार्टी। गजब वाली पार्टी। सीएम थे, तब डेनिस की पार्टी लोग खुद ही कर लेते थे। अब हरदा पूर्व हैं तो वो लोगों के स्वास्थ्य का बड़ा ख्याल रख रहे हैं। लोगों को फल खिला-खिला कर। ये बात अलग है कि जब सीएम थे, तब पहाड़ पर डाॅक्टर ही नहीं चढ़ा पाए। चलो छोड़ो कहां पड़ गए इस झमेले में...। जो भी हो हरदा के आमों मे गजब की ताकत ठैरी। दूसरे वाले रावत जी त्रिवेंदर सिंह रावत को भी पार्टी में बुला ही दिया।
कसम से हरदा। मैं तो आपका जबरा फैन हो गया। आपने भी सोचा होगा कि भाजपा वालों की दीदी और आपकी प्यारी भुली, मेरी उत्तरा आंटी के बहाने कुछ हंसगोले छोड़ देता हूं। कमसे कम मजा तो आ ही जाएगा। आम, चीकू, पहाड़ी काखड़ी, मकाई अरे वही अपनी मुंगरी खाने का आनंद तो आएगा। लोग भी यही सोचकर आ जाते हैं आपकी पार्टी में। 
हरदा कुछ अपने टीएसआर दा को भी सिखा देते। नहीं समझे क्या? अरे अपने त्रिवेंद्र सिंह रावत जी। लोग बोल रहे हैं कि वो तो बल पार्टी ही नहीं कराते। कराते भी हैं, तो जीरो टाॅलरेंस की। मैं नहीं बोल रहा हूं। लोग बालते हैं कि जीरो टाॅलरेंस खा-खा कर दम निकल रहा है बल। कइयों का तो पेट भी चलने लगा है। और वो क्या बोलते हैं उसको...अरे वही वो ट्रांसफर एक्ट। आपने तो उसे मटमैला ही छोड़ दिया था। टीएसआर दा ने तो उसको ऐसा चमका दिया कि वो बिल्कुल ट्रांसपैरेंट हो गया। उससे सीधे आर-पार ही नजर आने लगा। गजब ही कर दिया इन्होंने तो। कसम से। 
हरदा मेरी शिकायत भी है आपसे। आपने सबको बुलाया। मुझे नहीं बुलाया। क्या दोष था मेरा। आपका तो फायदा ही होता। कहीं आप डर तो नहीं गए कि कुछ कड़बड़ हुई तो चुगलेर पत्रकार सबको सच-सच बता देगा। ऐसा-वैसा नहीं हूं मैं। मुझमें आपका मीडिया सलाहकार बनने के पूरे गुण हैं। समझ लेना आप। मैं इनकी तरह बिल्कुल किसी मीडिया वाले भाई जी का नहीं धमकाने वाला। मेरी क्या मजाल। 
खैर मैं भी ना कहीं से कहीं पंहुच गया। हरदा धन्यवाद तो दे ही देता हूं पार्टी के लिए। उनकी तरफ से जिन्होंने जमकर आनंद लिया। उनकी तरफ से भी जो, खाने के बाद कहीं सीट पर बैठे होंगे। मेरा क्या है। मैं तो आ ही नहीं पाया, पर स्वाद पूरा लिया। फोटो देखकर ही आनंद आ गया। पर एक बात का बड़ा दुख है हरदा मुझे कि अगर आप ऐसी वाली पार्टी चुनाव के दौरान कराते। कसम से जीत पक्की थी। चुनाव में तो लोगों ने डेनिस ज्यादा पी ली थी। सबने नशे में गलत बटन दबा दिया था। चलो अब तो आप चुनाव लड़ेगे कि नहीं, पर लोगों को तो अक्ल आ गई होगी कि किसी को डेनिस नहीं पिलानी। आम, जामुन, काखड़ी, मुंगरी, काफल ही खिलाएंगे बस...। 

Post a Comment

0 Comments