भाग-5
- रूपेश कुमार सिंह
मास्साब उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलन के प्रवल समर्थक थे। पृथक् हिमालीय राज्य की आवश्यकता पर उन्होंने सन् 1990 में ‘‘प्रेरणा-अंशु’’ में सम्पादकीय भी लिखा था। तराई में तमाम बड़े जम़ींदार और नेता ऊधम सिंह नगर को उत्तराखण्ड में शामिल करने का विरोध कर रहे थे। मास्साब अपने संगठन के साथियों के साथ ऊधम सिंह नगर को उत्तराखण्ड में शामिल करने की मांग पर अडिग थे।। 1997 अगस्त माह में राज्य विरोधी ताकतों ने मास्साब को दिनेशपुर बाजार में घेर लिया। लगभग 40-50 लोगों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला किया। उनके साथ जमकर मारपीट की। लगभग दो सौ मीटर तक उपद्रवी उन्हें मारते हुए ले गये। इस दौरान मास्साब बुरी तरह लहु-लुहान हुए, लेकिन झुके नहीं। उन्होंने न सिर्फ अपना बचाव किया बल्कि एक लाठी छीन कर हमलाबरों को मुंह तोड़ जवाब भी दिया। लाठी चलाने में मास्साब ‘मास्टर’ थे। चुस्ती फुर्ती और तीव्र बुद्धि के बलबूते वह हर चुनौती को नेस्तनाबूद करते रहे। इसके बाद दो बार भूमाफियाओं के गुण्डों ने मास्साब पर गोली भी चलायी, लेकिन वह बच गये। हमलाबर गिरफ्तार हुए। कई साल मुकदमा चलने के बाद दोषियों ने माफी मांगी तो मास्साब ने उन्हें माफ भी कर दिया। उनका मानना था कि माफी से बड़ी कोई सजा नहीं है। इससे उनके सरल हदय और क्षमा भाव को समझा जा सकता है।
इस बीच संगठन का काम काफी विस्तार पा चुका था। ऊधम सिंह नगर, बरेली, पीलीभीत में सघन काम चल रहा था। इसके अलावा देश के तमाम हिस्सों में संघर्षशील साथी आन्दोलन के अनुभव साझा करने व मदद के लिए बुलाने लगे थे। शासन-प्रशासन के लिए भी मास्साब एक बड़ी चुनौती बने हुये थे। लिहाजा जम़ीदार, माफिया, भ्रष्ट नेताओं और प्रशासन के गठजोड़ की ओर से हमले तेज हो गये थे। वैचारिक और व्यवहारिक रणनीति में फर्क के चलते भाकपा माले में भी बहस तीखी हो चली थी। मास्साब को गुमराह करना, धोखा देना और दोहरा चरित्र बिल्कुल भी नहीं भाता था। अन्ततः भाकपा माले छोड़ दी।
1998 में भाकपा माले से अलग होकर उन्होंने जनहित रक्षा मंच बनाया। एक साल में बड़ी तादात में नौजवान साथी मजदूरों-किसानों में फुल टाइम काम करने के लिए मास्साब से जुड़े। यह बहुत कठिन दौर था परिवार की आर्थिक दशा बहुत खराब थी। मास्साब ने घर और स्कूल का संचालन पूरी तरह से छोड़ दिया था। वह जनता के हक-हकूक और एक समतामूलक समाज की स्थापना के लिए निकल पड़े थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज के लिए ‘होम’ कर दिया, कहना अतिश्योक्ति नहीं होगा। 1996 में बड़े भाई वीरेश ने 10 वीं पास करने के बाद से स्कूल की जिम्मेदारी अपने कंधे पर ले ली थी। घर की स्थिति को देखते हुए भाई और मेरी पढ़ाई 10 वीं से लेकर पी0 जी0 तक प्राइवेट ही हुई। बड़ा भाई वीरेश खुद पढ़ता, स्कूल में पढ़ाता और तमाम पत्र-पत्रिकाओं में लिखता भी था। साथ ही मास्साब के आन्दोलन में भी पूरी तरह से मदद करता था।
आम तौर पर सामाजिक कार्यकर्ता अपने काम से अपने परिवार और बच्चों को दूर रखते हैं, लेकिन मास्साब ने न सिर्फ परिवार को अपने संघर्ष में शामिल रखा, बल्कि बच्चों को जोर-जुल्म, अन्याय के खिलाफ लड़ने के लिए सशक्त बनाया। हमारे हालात इतने बुरे थे कि मैं अपने कुछ मित्रों के साथ दिनेशपुर से साइकिल चलाकर 15 किमी दूर रूद्रपुर राजमिस्त्री के साथ मजदूरी करने जाता था। इण्टर का प्राइवेट फार्म भरने के लिए मैंने पूरे 15 दिन काम करके 325 रूपये जमा किये थे। मैं भी इण्टर के बाद सन् 2001 से स्कूल में बड़े भाई का हाथ बंटाने लगा था। छोटे भाई रवि ने तो पूरे दो साल रूद्रपुर में रहकर मेहनत मजदूरी की और अपनी पढ़ाई जारी रखी। तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने कभी समझौता नहीं किया, न ही ईमानदारी और न्याय का रास्ता छोड़ा। ‘परिवार पर ध्यान दो‘ के सवाल पर मास्साब कहते थे कि ‘‘मेरी लड़ाई एक बेहतर समाज बनाने की है, जब एक समतामूलक समाज बन जायेगा तो मेरा परिवार स्वतः ही सभी कष्टों से निजात पा जाएगा।’’ मम्मी और हम चारों भाई भी कभी इसलिए नहीं डिगे क्योंकि मास्साब ने लगातार हमसे संवाद बनाये रखा और स्वाभिमान व सत्य पर कायम रहने के संस्कार दिये।
शेष अगले भाग में जारी..........
javascript:void(0)
javascript:void(0)



0 Comments