भाग-1
- रूपेश कुमार सिंह
1978 में मुन्ना (प्रताप सिंह) शादी के बाद जब पहली बार बरेली आये तो उनका कोई बड़ा ख़्वाब नहीं था। अमन -चैन की बेहतर जिन्दगी के वास्ते तलाश थी एक अदद नौकरी की। घर से मिले पांच रुपये और अंजान शहर........... न खाने का ठिकाना और न रात में सिर छुपाने को छत। घर में कलह के चलते बाहर निकले थे, सो वापसी का कोई चांस था ही नहीं। पत्नी को ससुराल से अपने साथ ले जाने की हिदायतें.......... ऐसे में 20 साल का नौजवान आखिर क्या कर सकता था?
उस समय खुजली की एक रहस्यमयी बीमारी शहर में फैली हुई थी। लोग परेशान थे। मुन्ना को अपने श्वसुर विद्योत्तम चन्द्र वैद्य, जो कि एक प्रसिद्ध वैद्य थे से कभी कोई आयुर्वेदिक नुस्खा सीखने को मिला था (शायद स्वयं या परिवार में किसी को हुई खुजली के इलाज के दौरान)। रोजगार का एक सुनहरा अवसर सामने देखा और तत्काल अपने पास मौजूद पांच रूपये से कुछ खाली शीशी, सुरमा और कुछ जड़ी-बूटी खरीदी। दवा तैयार की। दवा को शीशी में भरकर बसों में, सड़क पर, बरेली कचहरी के गेट पर बेचना शुरु किया। जो मिला खाया, जहां जगह मिली सो गये। दो-तीन दिन यह सिलसिला चलता रहा। गोरा रंग, गठीला शरीर, लम्बी कद-काठी और चेहरे पर तेज देखकर एक सज्जन वकील ने उन्हें रोका और पूछा ‘‘तुम कौन हो, कहां से आये हो, और यह काम क्यों कर रहे हो?’’ सारी आप-बीती बताने के बाद न जाने क्या सोच कर वकील साहब ने उनको उस दिन से ही अपने साथ मुंशी रख लिया। मेहनताना था- पाँच रूपये रोज का। पढ़ने-लिखने में रुचि और जानने-समझने की उत्कट इच्छा से उन्होंने 6 माह की मुंशीगिरी में ही देश-दुनिया, समाज व व्यवस्था को जानना-समझना शुरु कर दिया। बरेली की वह कचहरी कानूनी दांव-पेंच सीखने की प्राथमिक पाठशाला थी।
इस बीच वह आर एस एस के सम्पर्क में आ गये। बरेली से प्रकाशित आर एस एस के पत्र में संपादन सहयोग करने लगे। देश की बदहाल स्थिति को और करीब से समझने लगे। तेवर तीखे होने लगे, गुस्सा व्यवस्था के प्रति बढ़ता गया। राष्ट्रीयता की भावना तीव्र होने लगी। जल्द ही आर एस एस के संगठन विद्या भारती द्वारा संचालित शिशु मन्दिर में आचार्य की नौकरी भी मिल गयी। मुन्ना अब आचार्य जी हो गए थे। आचार्य बनने के बाद पत्नी गीता सिंह भी बरेली में उनके साथ ही आकर रहने लगीं। हौसला दुगना था और बेहतर समाज बनाने का सपना भी व्यापक हो चुका था। सुरमा और खुजली की दवाई बेचने से लेकर आचार्य तक की नौकरी उन्होंने महज 8-9 माह में तय की। समझ सकते हैं कि मास्साब अपने लक्ष्य के प्रति कितने दृढ़ संकल्प और निष्ठावान थे।
शेष अगले भाग में जारी...........
0 Comments