Header Ads Widget

Responsive Advertisement


http://www.youthicon.co.in/tribute-to-kamal-joshi-
कमल दा ऐसे भलाकोई छोड़कर जाता है....
कमल दा, जोशी जी और कुछ लोगों के लिए फिदेल कास्‍त्रो भी। पर मेरे लिए मेरे आदर्श श्री कमल जोशी जी। अभी एक सप्‍ताह ही तो हुआ था। मेरी फेसबुक पर पोस्‍ट पर उनका कमेंट आया था। लिखा था प्राउड ऑफ यू प्रदीप। आखिरी बार उनसे 15-16 मई के आसपास बात हुई थी। उनके नहीं रहने की खबर सुनने के बाद पहले तो विस्वास ही नहीं हुआ। कोटद्वार के साथी विजय पाल रावत ने फोन पर जानकारी दी। विजय ने जोशी जी के नहीं रहने की बात कहते ही मैंने उनसे सवाल किया। विजय क्‍या ऐसा हो सकता है….? विजय का जवाब था, नहीं। फिर कैसे कह रहे हो कि उन्‍होंने आत्‍महत्या की है….? विजय का फोन कटते ही कोटद्वार के एक और साथी का फोन आया। उसने भी यही कहा कि कमल दा नहीं नहीं रहे। मन नहीं माना तो मैंने उनके करीबी ईटीवी संवाददाता हिमांशु बडोनी को फोन किया। उन्‍होंने भी वही कहा जो पहले दो लोग कह चुके थे। बाजार में था। काफी देर तक स्‍कूटी ही नहीं चला पाया। हाथ-पैर जाम हो गए।

कमल दा का कमरा  
अब तो मानना ही होगा कि कमल दा नहीं रहे। उनको विदा करने गया था। कमल दा से मिलने के लिए रात को तो नहीं जा पाया, पर रातभर जागने के बाद सुबह ही चल दिया उनसे मिलने। कफन में लिपटे उनको देखा। मुझे लगा बात करेंगे। पर ओ सो चुके थे। कभी नहीं जागने के लिए। काफी देर तक उनके पास ही खड़ा रहा, लेकिन फिर अचानक ख्‍याल आया कि उनका कमरा देख आता हूं। जहां हम भी कई बार जाया करते थे। उनसे कुछ सीखने। कमरे में पहुंचा। जैसे पहले था। कमरा बिल्‍कुल वैसा ही था। बस उसमें वह जिंदादिली नहीं थी, जो कमल दा के होने का भान कराती। अच्‍छी तरह से निहारा। एक कोने में हमारी संस्‍कृति के अवशेष झांक रहे थे, जिनके वह वाहक थे। वह पुरानी लालटेन, जो कभी हर घर को रोशन करती थी। भड्डू छोटे-बड़े तीन। पारंपरिक वर्तन, परिधान और भी बहुत कुछ। दूसरे कोने पर 70 के दशक के कैमरे सजे हुए थे। यह वही कैमरे थे, जिनसे कमल दा ने प्रकृति और जीवन के हर रंग को कैद किया होगा। इन्‍हीं कैमरों से वह झांकते और आंकते पहाड़ की पीडा को, पहाड़ के पहाड़ से जीवन को। उनकी हर फोटो कुछ नहीं, बहुत कुछ कहती थी। कहती भी रहेंगी। जब तक उनकी स्मृति बची रहेगी। निगाह दूसरी ओर घुमाई तो कई पुरानी नेगेटिव रखी थी, जो अब मिलती भी नहीं। कमरे के तीसरे कोने में छोटे से ताले में कैद किताबें। शीशे से झांक कर देखा तो उत्‍तराखंड का इतिहास नजर आ रहा था। कई पुस्‍तकें थी, लेकिन अ‍धिकांश उत्‍तराखंड के इतिहास से जुड़ी। दीवार से झांकता अस्‍कोट-आराकोट यात्रा का पोस्‍टर और गांव बचाने की आवाजा लगाता छोटा सा पोस्‍टर। एक कोने पर कमल दा ने अपनी किताबों को पेटियों में पैक कर रखा था। अपना और सामान भी पैक कर चुके थे। कहां जाना चाहते थे कमल दा…? क्‍या करना चाहते थे कमल दा…? कमरे में मैं अकेला था। पर पास ही वह सीढ़ी भी थी, जिस पर चढ़कर जिंदगी ने खुद को मौत के हवाले किया। कमरे के बीचों-बीच कुर्सी रखी थी। कुर्सी पर बैठते ही आंसू बहने लगे। बाहर के छोटे कमरे में गीता गैरोला दी बैठी थीं। मुझे देख उनकी भी आंखें भर आई। कहने लगी कमल इन पुराने सामानों का संग्रहालय बनाना चाहता था। हम कहते थे, क्‍यों जमा कर रहा है। उनका एक ही जवाब होता था। संग्रहालय। वह खुद का संग्रहालय तो नहीं बना पाए, लेकिन हमारे दिलों में याद बनकर खुद जरूर संग्रहित हो गए। गीता दी कहने लगी कमल की लाइब्रेरी बस उसी के समझ आती थी। जहां से हम कोई किताब नहीं खोज पाते। वह सहजता से हर बेतरतीब रखी किताब को आसानी से निकाल लेता। जिंदादिल इंसान की जिंदादिली का आलम यह था कि लोग चिता को मुखाग्‍नी देने तक भी यही कह रहे थे‍ कि क्‍या कमल वास्‍तव में चला गया…? वह फिर कभी नहीं लौटेगा…? इतिहासकार शेखर पाठक कह रहे थे। अलविदा करने आया हूं। फिर कहने लगे जब कमल ऐसा कर सकता है तो फिर और… फिर खामोश हो गए। पर अफसोस कमल दा जिनके लिए वोट नहीं थे। वह उनके अंतिम संस्‍कार में भी नहीं आए। प्रदीप टम्‍टा और सूर्यकांत धस्‍माना को छोड कर। कमल दा आप चले गए, लेकिन यादों में बने रहेंगे। हमेशा, अनवरत, अनंत तक।
……प्रदीप रावत
कमल दा आप याद रहे हो......।
​​ग्रेट सेलिब्रेशन आॅफ लाइफ
कमल दा के जाने को लोग अपने-अपने नजरिए से देख रहे हैं। अपने चश्मे से उनके जीवन को झांकने की कोशिश कर रहे हैं। फेसबुक, वाट्सएप पर कई तरह के कमेंट कर रहे हैं। लोग कह रहे हैं कि इतने जिंदादिल इंसान ऐसा कायर कैसे हो सकता है...? मेरे एक मित्र ने मेरी पोस्ट पर कमेंट किया...कायर व्यक्तित्व। मुझे बहुत बुरा लगा। कोई उनको जाने बगैर कायर कैसे लिख सकता है...? कमल दा जिंदादिल थे। मेरे लिए हमेशा बने रहेंगे। उन्होंने अपने जीवन को न केवल जिया बल्कि मौत को भी जश्न की तरह खुशी-खुशी गले लग लिया। जिस जिंदादिल को लोग कायर कह रहे हैं। उनकी बहादुरी के पहलू को क्यों नहीं देखते। जरा सोच कर देखो तीन दिन से अपनी मौत का सामान जुटाने वाला कायर हो सकता है....? उन्होंने जिस तरह अपने जीवन के हरपल का आनंद लिया। मौत को भी उतनी ही गहनता से अपना दोस्त बना लिया। जरा सोचो। अपनी मौत से पहले कोई माॅर्निंग वाॅक करेगा...? योगासन लगाएगा...? अपने कमरे में बिखरा सामान पैक करेगा...? कोई कुछ भी समझे। मेरे लिए उनकी मौत से दोस्ती...ग्रेट सेलिब्रेशन आॅफ लाइफ है। लोग यह भी कह रहे हैं कि कमल दा ऐसा नहीं कर सकते थे। क्यों नहीं कर सकते थे। जिस तरह मौत से पहले उन्होंने अपनी अंतिम यात्रा का सामान जुटाया। वह केवल वही कर सकते थे। सिर्फ वही। वह कहते भी थे कि मैं किसी को परेशान नहीं करना चाहता। एक बात और जो लोग कह रहे हैं कि वह अकेले थे। एकांकीपन ने उनको परेशान किया होगा, लेकिन मैने कभी उनको अकेले नहीं देखा। उनका कैमरा, किताबें, पेड़, पहाड़, गांव, नदी, बादल, उनकी बाइक और कंप्यूटर हर पल उनके साथ रहते थे। फेसबुक वाल पर उनकी एक-एक फोटो, जीवन का हर रंग है। पहाड़ की सच्चाई है। प्रकृति के प्रति उनका प्यार है। वह क्यों मरे...? इस सवाल का जवाब कई साथी मांग रहे हैं। मुझे भी नहीं पता। पर मैं इतना जरुर जानता हूं कि वह कायर नहीं हो सकते थे। उन्होंने अपने जीवन के हर पल को जिस तरह सेलिब्रेट किया। लोगों को अपना बनाया। सबके दिलों में उतर गए। मौत को भी उसी अंदाज में अपना बना लिया और दुनिया को अलविदा कह दिया।

.....प्रदीप रावत

*कमल दा....*
​कमल दा ऐसे ही लोग आपके दीवाने नहीं हैं। फेसबुक पर आज भी लोग आपकी पोस्‍टों का इंतजार कर रहे हैं।  इसका अंदाजा मुझे इस बात से ही कि मैंने आपकी वाल पर एक पोस्‍ट अपलोड की। उस पर लोगों का रिस्‍पांस बता रहा है कि वो आपको कितना चाहते हैं। आप सुन तो नहीं रहें होंगे.....? महसूस भी कर रहे होंगे या नहीं...?। इसका मुझे पता नहीं है, लेकिन अगर आप कहीं से देख रहे हैं तो आपको बता दूं कि आपको लोग बहुत मिस कर रहे हैं। वह इसलिए कि आज देहरादून में धाध संस्‍था की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। गांधी पार्क में आपकी याद में पौधे रोपे गए। बहुत सारे फोटाग्राफर आए थे। आपसे मिलने। आप नहीं मिले, लेकिन धाध ने लोगों को आपकी तस्‍वीरों से मिलवा दिया। हर कोई बस आपकी फोटो निहार रहा था। हर राह चलता बुजुर्गवार हो या युवा। वही जो आपकी तस्‍वीरों में दिखता था, जिसकी पताका आप लहरा रहे थे। ठेठ पहाड़ की। लोग कार्यक्रम की कम आपकी बोलती तस्‍वीरों को अपने कैमरों और मोबाइल फोन पर उतारने की होड़ में लगे थे। कार्यक्रम भी जिंदादिली से मनाया गया। जैसे आप थे। एकदम बिंदास अंदाज में। लोग रोये भी। गीता दी बोली और फफक कर रो पड़ीं। कुछ आंखें चुपके से रो रही थीं। कुछ का दर्द जुवां पर था तो कुछ का दिलों में ही दबा रह गया। पौध रोपण में मेयर विनोद चमोली आए। पार्क में पौधे रोपे, लेकिन कमल दा की फोटो के प्रेमी गांधी पार्क के गेट पर लगी प्रदर्शनी को ही देखते रहे। निहारते रहे। उन तस्‍वीरों को, उनसे झलकते पहाड़ को। पहाड़ के जीवन को। उन बच्‍चों के दर्द को, जिनको तब्‍बजो नहीं मिलती। उस औरत को जो दो वक्‍त की रोटी के लिए पत्‍थर तोड़ रही है। स्‍कूल  जाते बच्‍चों का उल्‍लास। गांवों की सुंदरता। पहाड़ का पहाड़ीपन। असली गांव। यह सब तस्वीरें बयां कर रही थी। पहाड़ की पीड़ा भी। कमल दा की एक तस्‍वीर ने उनकी उस खिड़की की याद दि‍ला दी, जिस खिड़की से मैं लोगों को परिचयर करवाना चाहता हूं। जल्‍द कमल दा के कमरे की खिड़की से रुब-रु कराने का प्रयास रहेगा।

Post a Comment

0 Comments